पलामू : झारखंड मुक्ति मोर्चा की पलामू इकाई के तत्वावधान में शनिवार से सदस्यता अभियान की शुरुआत हो गई। पहले दिन स्थानीय छह मुहान पर कैंप लगाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने किया।
झामुमो के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले उड़ीसा में हुई रेल दुर्घटना के मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। संचालन सन्नू सिद्दिकी ने किया। लगभग पांच सौ लोगों ने मुख्यमंत्री की जन कल्याण नीतियों से प्रभावित होकर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।
मौके पर जिला अध्यक्ष ने कहा आज से पलामू में झामुमो का सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की लोकप्रियता, उनके लिए गए फैसले के कारण जनता बहुत तेजी से झामुमो परिवार में शामिल हो रही है। सदस्यता प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य डेढ़ लाख नए सदस्य बनाने का है। पलामू को तीन जोन में बांट कर सभी जोन और प्रखंडों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। हर घर तक सदस्यता अभियान को चलाने के लिए झामुमो के सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता कमर कसकर लगे हुए हैं।
इस मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य संजीव तिवारी, सुनील तिवारी, मनोज गुप्ता, गोपाल सिन्हा, उपाध्यक्ष राजेश सिन्हा, कमाल खान, बालकिशुन उरांव, झामुमो नेता अविनाश देव, युवा नेता सन्नी शुक्ला समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।