रांची : देशभर में इस समय मौसम ने एक अनोखा रूप ले लिया है। दिल्ली में कोहरे का असर, झारखंड और बिहार में कड़ाके की ठंड, और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ धूप का अनुभव हो रहा है। इन बदलावों ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है और मौसम विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए चेतावनियां भी जारी की हैं। आइए जानते हैं कि किस राज्य में किस तरह का मौसम देखा जा रहा है और आगे क्या संभावनाएं हैं।
झारखंड में ठंड का असर बढ़ा
झारखंड में आज मौसम विभाग ने ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से राहत जरूर मिली थी, लेकिन आज से तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने बताया कि आज आसमान में आंशिक बादल रहने से राज्य के न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। हालांकि, पिछले 24 घंटे में हजारीबाग जिले में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान था।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 7 से 12 जनवरी तक शुष्क मौसम रहने की संभावना जताई है, लेकिन इस दौरान कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। झारखंड के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई जा रही है।
जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान (℃ में)
रांची – 25.2 – 10.4
जमशेदपुर – 27.5 – 11.8
डाल्टनगंज – 25.4 – 11
बोकारो – 25.5 – 11.6
देवघर – 26.2 – 12.4
गढ़वा – 24.5 – 10.6
गोड्डा – 24.5 – 13.7
गुमला – 26 – 8.5
हजारीबाग – 25.9 – 8.2
जामताड़ा – 26.4 – 13.1
खूंटी – 25 .9 – 8.6
लातेहार – 20.7 – 11
लोहरदगा – 24.7 – 10.9
पाकुड़ – 26.8 -13.7
रामगढ़ – 26.0 – 9.7
सिमडेगा – 26.7 – 9.1
सरायकेला – 29.5 – 11.9
प. सिंहभूम – 29.8 – 9.8
धनबाद – 24.8 – 11.8
चतरा – 24.5 – 10.4
साहिबगंज – जारी नही – 9.3
दिल्ली में कोहरे का असर
दिल्ली में भी मौसम ने कड़ा रूप लिया है। आज सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहने और कोहरे का असर रहेगा। हालांकि, कुछ इलाकों में मौसम साफ रहेगा। दिल्ली और आसपास के शहरों जैसे गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद में अगले तीन दिनों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, 11 और 12 जनवरी को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और धूप
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में इस समय बर्फबारी का मौसम चल रहा है, लेकिन साथ ही इन क्षेत्रों में धूप भी खिल रही है। शिमला, कुफरी और फागू जैसे इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जबकि चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, इन क्षेत्रों में धूप भी निकली हुई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल रहने की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। सोमवार को बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। आगामी 11 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बर्फबारी और बारिश के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर और कश्मीर में ठंड
कश्मीर में इन दिनों ‘चिल्ला-ए-कलां’ की भीषण ठंड का दौर चल रहा है। इस समय कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे जा चुका है और बर्फबारी की संभावना भी है। कश्मीर के पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे दर्ज किया गया है। कश्मीर का यह चिल्ला-ए-कलां चरण 21 दिसंबर से शुरू हुआ है और अगले 30 जनवरी तक चलेगा। इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना ज्यादा रहती है और तापमान काफी गिर जाता है।
अन्य राज्यों में मौसम की स्थिति
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड और कोहरे का असर देखा जा रहा है। पंजाब और हरियाणा के कई क्षेत्रों में घना कोहरा है और तापमान में गिरावट आई है। इस दौरान हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। राजस्थान के पूर्वी क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का असर हो रहा है, जिसके कारण आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड बढ़ने की संभावना है। बिहार के कई इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर चुका है, और आने वाले दिनों में ठंड का असर और भी बढ़ सकता है। यूपी में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचने का अनुमान है।
देश भर में इन दिनों मौसम में आसमान बदलाव देखा जा रहा है। जहां एक ओर दिल्ली और उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का असर है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और धूप दोनों का मिला-जुला असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने विभिन्न राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, और लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Read Also- Earthquake In Bihar : बिहार में आए भूकंप के तेज झटके, पटना से मुजफ्फरपुर तक डोली धरती