जमशेदपुर : Former CM Champai Soren reached Guwahati : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने परिवार के साथ असम के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर पहुंच कर देवी के दर्शन किये। साथ ही झारखंड के अनवरत विकास और राज्य वासियों की सुख-समृद्धि, शांति व आरोग्य की मंगलकामना की। श्री सोरेन ने एक्स पर अपनी फोटो भी साझा की है।
असम के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने हाल ही में भाजपा में शामिल होने के पश्चात चम्पाई सोरेन को असम आने का आमंत्रण दिया था। उनका आमंत्रण स्वीकार करते हुए श्री सोरेन ने गुवाहाटी पहुंच कर मां कामाख्या देवी के दर्शन किये। वहां पहुंचने पर हिमंता बिस्वा सरमा ने श्री सोरेन का स्वागत किया। साथ ही उनके आतिथ्य में तरह-तरह के असमिया व्यंजनों से उन्हें परिचित भी कराया। श्री सरमा ने भी इस संबंध में अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट किया है।
उन्होंने बताया है कि उन्हें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता चम्पाई सोरेन एवं उनके परिजनों की आवभगत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं चम्पाई सोरेन को असमिया व्यंजनों से परिचित कराने का भी अवसर मिला। साथ ही उनके अनुभवों से बहुत कुछ सीखने को मिला।