जमशेदपुर: विश्वकर्मा टेक्निकल इंस्टिट्यूट (VTI) के पूर्व प्रिंसिपल सरदार मनमोहन सिंह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी डॉली सिंह, जो डीबीएमएस स्कूल में शिक्षिका थीं, की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की शादी से लौटते वक्त हादसाप्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदार मनमोहन सिंह हाल ही में अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में लुधियाना गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वे अपने परिजनों के साथ कार से जमशेदपुर लौट रहे थे। उनकी ससुराल रांची में है, जहां उन्होंने अपनी कार पार्क की थी। उनके साथ कार में उनकी भाभी रणजीत कौर, भतीजा सुखदीप सिंह और पत्नी डॉली सिंह सवार थीं। बताया जाता है कि उनकी तबीयत पहले से खराब थी, इसके बावजूद वे खुद कार चला रहे थे। बुंडू में हादसा, डिवाइडर से टकराई कार रास्ते में बुंडू के पास कार से नियंत्रण हट गया, जिससे वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस भयानक हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची मदद टीम ने सभी को अपोलो अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने डॉली सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी अन्य घायलों को तुपुदाना देवानिका अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, हेड इंजरी (सिर में गंभीर चोट) की वजह से डॉली सिंह की मौत हुई। समाज में शोक की लहर मनमोहन सिंह कदमा गौतम अपार्टमेंट में रहते हैं और टाटा स्टील से सेवानिवृत्त होने के बाद VTI में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जैसे ही इस हादसे की खबर फैली, रामगढ़िया सभा के महासचिव और कदमा गुरुद्वारा कमेटी के ट्रस्टी सरदार ताजबीर सिंह कलसी सक्रिय हुए और परिवार की जानकारी जुटाई। उनकी पत्नी के निधन पर रामगढ़िया सभा के प्रधान सरदार केपी एस बंसल, गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान बलदेव सिंह, पूर्व महासचिव सुखविंदर सिंह, कौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलविंदर सिंह समेत कई समाजसेवियों ने शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
Read also – Giridih: घोड़थम्बा में हुए बवाल में दोनों पक्षों के 40-40 लोगों पर FIR, 44 लोग गिरफ्तार