स्टेट डेस्क, रांची : अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी गदर: एक प्रेम कथा की पार्ट टू गदर 2 के नाम से रिलीज होने जा रहा है। फिल्म के रिलीज होने से पहले अभिनेत्री अमीषा पटेल इन दिनोें चर्चा में हैं। सोमवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल चेक बाउंस से जुड़े केस में झारखंड की राजधानी रांची के सिविल कोर्ट में हाजिर हुईं। कोर्ट की ओर से अपने पूर्व के आदेश में अमीषा पटेल को सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया था। कोर्ट में चली कार्रवाई के दौरान अदालत ने अमीषा पटेल पर लगे आरोप बताये।
अमीषा पटेल ने सभी आरोपों से इन्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके साथ ही अमीषा पटेल की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं। अब उन्हें ट्रायल फेस करना पड़ेगा। रांची सिविल कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डी एन शुक्ला की अदालत में अमीषा पटेल के मामले की सुनवाई हो रही है। अमीषा पटेल की ओर से अधिवक्ता जयप्रकाश ने बहस की। वहीं इस मामले के शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह की तरफ से अधिवक्ता स्मिता पाठक ने बहस की।
2017 से चल रहा है चेक बाउंस का केस
बता दें कि अमीषा पटेल पर साल 2017 से चेक बाउंस का केस चल रहा है। आरोपों के मुताबिक, फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह ने ढाई करोड़ अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर किये। अजय कुमार सिंह लवली वर्ल्ड इंटरटेनमेंट के प्रोपराइटर हैं। फिल्म नहीं बनाने को लेकर अभिनेत्री और निर्माण के बीच विवाद शुरू हो गया। निर्माता का आरोप है कि वह अमीषा पटेल से अपने पैसे वापस करने की मांग कर रहे थे।
पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय कुमार सिंह ने निचली अदालत में शिकायतवाद दर्ज कराया। इसमें कहा गया था कि अमीषा पटेल ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। सबूत के तौर पर शिकायतकर्ता की ओर से चेक सौंपा गया. बताया गया कि अमीषा पटेल की ओर से राशि वापस करने के बदले सौंपा गया चेक बैंक में बाउंस कर गया।
इन दिनों चर्चा में अमीषा पटेल
अभिनेत्री अमीषा पटेल इन दिनों बेहद चर्चा में हैं। उनकी फिल्म गदर 2 अगले महीने रिलीज हो रही है। दर्शकों को इस फिल्म का बेहद इंतजार है। इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा पर अमीषा पटेल ने गंभीर आरोप लगाये। ट्वीट कर अभिनेत्री ने दावा किया कि गदर 2 के कई टेक्निशियन्स और आर्टिस्ट को पैसे नहीं मिले। ट्रांसपोर्ट की सुविधा और खाने के बिल का भी भुगतान नहीं हुआ। इस बारे में डायरेक्टर ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि मुझे पता नहीं है कि अमीषा पटेल ने ऐसा क्यों कहा। बस मैं ये कहना चाहता हूं कि यह सारे आरोप गलत हैं।
उर्फी जावेद ने अमीषा पटेल पर बोला हमला
अमीषा पटेल की परेशानी बस यहीं खत्म होती नहीं दिख रही। होमोसेक्सुएलिटी को लेकर दिये गये उनके एक बयान के बाद उर्फी जावेद ने अमीषा पटेल को घेर लिया। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष तक काम न मिलने का असर यह हुआ कि अब यह बिटर पर्सन बन गयी हैं।