

Ramgarh (Jharkhand) : अजरबैजान से प्रत्यर्पण के बाद, कुख्यात गैंगस्टर सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को भारी सुरक्षा के बीच शनिवार को रामगढ़ कोर्ट में पेश किया गया। झारखंड पुलिस के इतिहास में यह पहला सफल प्रत्यर्पण माना जा रहा है। मयंक सिंह को एसीजेएम संदीप कुमार वर्तन की अदालत में दोपहर करीब 2:30 बजे पेश किया गया।

मयंक सिंह पर रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में से एक में उसके खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल किया गया था। इसी केस के आधार पर अजरबैजान के बाकू अपराध न्यायालय में मुकदमा चला, जिसने उसके भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी।

Mayank Singh’s appearance in Ramgarh court : लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़ा था मयंक सिंह
बताया जाता है कि मयंक सिंह का पूरा नाम सुनील कुमार मीणा है, जो मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले का रहने वाला है। उसे पिछले साल अक्टूबर में अजरबैजान के दातू शहर में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, वह कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और झारखंड के मारे गए गैंगस्टर अमन साव गैंग से भी जुड़ा रहा है।

झारखंड पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी और उसका प्रत्यर्पण झारखंड की एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता है। इस गिरफ्तारी से राज्य में संगठित अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
