रांची: झारखंड की राजधानी रांची में ओडिशा से गांजा तस्करी की बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 406 किलो गांजा जब्त किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान धर्मवीर सिंह और राजेन्द्र सिंह के रूप में हुई है।
रांची के पुलिस अधीक्षक (SSP) चंदन सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कंटेनर ट्रक के जरिए गांजा रांची लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने रांची-रामगढ़ मार्ग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उकरीद नकवाटोली के पास कंटेनर ट्रक को रोक लिया।

कंटेनर ट्रक की तलाशी लेने पर केबिन के अंदर ड्राइवर सीट के पीछे बने बॉक्स से 16 प्लास्टिक के बोरे में लगभग 406 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह गांजा ओडिशा के समबलपुर से लाकर रामगढ़ के टॉल गेट के पास पहुंचाना था। जब्त किए गए गांजे का मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपये अनुमानित किया गया है।
पुलिस की जांच के दौरान यह भी पता चला कि तस्करी के इस नेटवर्क में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लाकर झारखंड और पड़ोसी राज्यों में आपूर्ति करते हैं। पुलिस ने इस गिरोह के अन्य सदस्यां को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
धर्मवीर सिंह और राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के तहत केस दर्ज किया है। SSP ने आगे बताया कि इस कार्रवाई से न केवल रांची में गांजा की तस्करी में कमी आएगी, बल्कि इस अवैध व्यापार पर भी सख्ती से अंकुश लगेगा।
Read Also : शिल्पी नेहा तिर्की बनीं आदिवासी युवा महोत्सव 2024 की ब्रांड एंबेसडर, 33 समुदायों की भागीदारी तय