जमशेदपुर : मानगो में अभी भी कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है। जगह-जगह कचरा डंप है। हर तरफ बदबू उठ रही है। मानगो नगर निगम ने अपने सभी कचरा ढोने वाले वाहनों को कचरे से लोड कर गांधी मैदान में खड़ा कर दिया है। इस वजह से गांधी मैदान में बदबू फैल रही है। मानगो नगर निगम कचरा निस्तारण को लेकर हो रही परेशानी का हल नहीं खोज पाया है। मानगो का कचरा पहले सोनारी के डंपिंग यार्ड में जाता था। मगर, यहां के स्थानीय लोग कचरा फेंके जाने का विरोध करते थे। बाद में वहां कचरा फेंकने का काम बंद कर दिया गया। तब से मानगो का कचरा कहां फेंका जाए, इसे लेकर नगर निगम के सामने दिक्कत खड़ी हो गई है। पिछले एक महीने से यह परेशानी चल रही है। मानगो से कचरो उठाव रुक गया है। भाजपा के पूर्व नेता और समाजसेवी विकास सिंह ने पखवारा भर पहले एलान किया था कि अगर मानगो से कचरा उठाव नहीं किया जाता तो वह आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। इसके बाद मानगो नगर निगम के अधिकारी परेशान हो गए। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने कचरा ढोने के लिए लगाई गई गाड़ियों में कचरा लोड कर इसे गांधी मैदान के सामने खड़ा कर दिया है। इससे गांधी मैदान में भी बदबू फैल रही है। नगर निगम के सामने इस बात का कोई जवाब नहीं है कि कचरा उठाव कब होगा। कचरा कहां फेंका जाएगा।
जनप्रतिनिधि भी खामोश
मानगो कचरे के ढेर पर है। यहां सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। मगर, जनप्रतिनिधि खामोश हैं। सांसद और विधायक समेत सभी जनप्रतिनिधि इस मामले में खामोश बैठे हुए हैं। किसी के पास कोई ठोस हल नहीं है। पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता जब यहां के विधायक थे तो उन्होंने मानगो की समस्या हल करने की कोशिश नहीं की। अब वह इस मसले के सुलझाने के लिए सीएम से मिल रहे हैं।