Giridih Hindi News : गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक पर तेज बारिश के दौरान दो वर्षीय अंकुश ठाकुर नाले में बह गया। उसे लेकर माता-पिता बाजार में कपड़ा खरीदने आए थे। बारिश तेज होने पर उसकी मां उसे गोद में लेकर नाले के किनारे खड़ी थी, तभी अचानक बच्चा फिसलकर बहते पानी में गिर गया।
Giridih Accident : तेज धार में बहा मासूम, रातभर चला रेस्क्यू
परिजनों ने तुरंत बचाने की कोशिश की, लेकिन नाले की तेज धार में बच्चा आंखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। रातभर पोकलेन मशीनों की मदद से नाले के हिस्सों को तोड़ा गया और पानी निकाला गया, लेकिन बच्चा नहीं मिला। बारिश और अंधेरे के कारण रात तीन बजे रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
Heavy Rain Giridih : रविवार सुबह फिर शुरू हुआ सर्च अभियान
रविवार सुबह से एक बार फिर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि पोकलेन मशीन और पंप की सहायता से नाले की गहराई तक जांच की जा रही है। अंकुश मंगरोडीह गांव का निवासी है और अपने परिवार का इकलौता बेटा है। प्रशासन बच्चे को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
मां की प्रार्थना और इलाके में आक्रोश
बच्चे की मां पास के दुर्गा मंदिर में बेटे की सलामती के लिए रातभर प्रार्थना करती रही। इस हादसे के बाद इलाके में गहरा आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रविवार सुबह बड़ा चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में त्वरित कार्रवाई होती, तो मासूम को बचाया जा सकता था। नियम के मुताबिक, नाले को स्लैब से ढंकना चाहिए।
Read Also- Jamshedpur News: प्रोजेक्ट उल्लास के तहत जमशेदपुर में 7 से 9 अक्टूबर को एपिलेप्सी कैम्प