Home » Giridih News : गिरिडीह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : नाबालिग बच्चियों का किया जा रहा था यौन शोषण, दो लड़कियों की सकुशल बरामदगी

Giridih News : गिरिडीह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : नाबालिग बच्चियों का किया जा रहा था यौन शोषण, दो लड़कियों की सकुशल बरामदगी

मुफस्सिल थाना पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया खुलासा, मासूम बच्चियों को मिली राहत

by Rakesh Pandey
Giridih News
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह : झारखंड में गिरिडीह जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित छुड़ाया है। इनमें से एक बच्ची धनबाद जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी गिरिडीह के मुफस्सिल थाना इलाके की। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला पिंकी ऊर्फ नीतू देवी और उसके सहयोगी ऑटो चालक इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गायब बच्ची की तलाश में पुलिस पहुंची रैकेट के अड्डे तक

मामला तब सामने आया जब अप्रैल में मुफस्सिल थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय लड़की के लापता होने की शिकायत परिजनों ने पुलिस से की। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में छानबीन शुरू हुई, जिसमें यह पता चला कि लड़की एक ऑटो में बैठकर धनबाद की ओर गई थी।

विशेष जांच टीम ने की छापेमारी, गिरिडीह के 28 नंबर मोहल्ले से हुई बरामदगी

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर इंस्पेक्टर की अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में महिला थाना प्रभारी दीपमाला, एएसआई चंदन तिवारी व टेक्निकल स्टाफ को शामिल किया गया। छानबीन के दौरान पुलिस 28 नंबर मोहल्ले के एक घर तक पहुंची, जहां से दोनों नाबालिग बच्चियों को छुड़ाया गया।

काम देने का लालच देकर कराया जा रहा था यौन शोषण

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला पिंकी देवी और उसका साथी इरफान गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को टारगेट करते थे। उन्हें कैटरिंग या होटल में काम दिलाने का झांसा देकर फंसाया जाता था। बाद में उनका यौन शोषण कराया जाता था।

देवघर के मधुपुर स्थित होटल में भी भेजी गई थीं बच्चियां

पुलिस के अनुसार, लड़कियों को गिरिडीह से बाहर भी ले जाया गया। देवघर के मधुपुर स्थित ब्लू हेवन होटल में भी बच्चियों के साथ गलत काम किया गया। पीड़िताओं ने भी पुलिस को दिए बयान में यह जानकारी दी कि उनके साथ वहां भी गलत व्यवहार हुआ।

मुख्य आरोपी महिला और ऑटो चालक भेजे गए जेल, बच्चियों को सौंपा जाएगा परिजनों को

पुलिस ने बताया कि नीतू देवी और इरफान मिलकर यह गोरखधंधा चला रहे थे। इनके चंगुल से मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बच्चियों को शीघ्र उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। जबकि, गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने बताया कि हमारी टीम ने गंभीरता से कार्य करते हुए लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Read Also- Bihar Politics : बिहार की राजनीति में घमासान, जीतन राम मांझी ने लालू यादव के बेटे तेजस्वी व दामाद शैलेश पर कसा तीखा तंज

Related Articles