Home » Gumla Road Accident : गुमला में कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

Gumla Road Accident : गुमला में कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

by Yugal Kishor
jharkhand Road Accident
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla (Jharkhand) : गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के छारदा रोड पर मंगलवार की रात एक हृदयविदारक घटना घटी। एक तेज रफ्तार स्कार्पियो कार ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान करंज थाना क्षेत्र के अंबेरा गांव निवासी 37 वर्षीय जीतवाहन उरांव और महतो उरांव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जीतवाहन और महतो एक ही बाइक पर सवार होकर सिसई के छारदा रोड पर केक खरीदने के लिए गए थे। केक खरीदने के बाद जब वे सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठे और घर की ओर मुड़ने ही वाले थे, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित स्कार्पियो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीतवाहन उरांव की तो घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक के पीछे बैठे महतो उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची स्थित रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, रिम्स में इलाज के दौरान बुधवार की सुबह करीब 10 बजे महतो उरांव ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि महतो उरांव दूसरे प्रदेशों में जाकर मजदूरी का काम करते थे और फिलहाल अपने घर पर ही थे। इस दुखद घटना ने उनके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

नशे में धुत चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि स्कार्पियो कार का चालक पिलखी मोड़ का रहने वाला है और घटना के समय वह शराब के नशे में था। लोगों ने यह भी बताया कि चालक के वाहन से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

मृतक जीतवाहन उरांव होमगार्ड का जवान था और वर्तमान में गुमला के पावर हाउस में अपनी ड्यूटी दे रहा था। वह दो दिन की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। बुधवार को दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे गांव में मातम का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read Also-विशाखापट्टनम में दीवार गिरने से बड़ा हादसा, चंदनोत्सव उत्सव के दौरान 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Related Articles