हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग स्थित जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा की ओपन जेल से तीन बांग्लादेशी कैदी फरार हो गए हैं। ये तीनों कैदी अवैध रूप से भारत में प्रवेश और निवास के आरोप में गिरफ्तार किए गए थे। उनके फरार होने के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, वहीं जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, तीनों कैदी शुक्रवार की देर रात या शनिवार की सुबह ओपन जेल के होल्डिंग कैंप से फरार हुए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
फरार कैदियों की पहचान:
- रीना खान उर्फ फिना देवी – गाजीपुर, ढाका की रहने वाली। 4 फरवरी 2022 को जामताड़ा जेल से शिफ्ट होकर हजारीबाग जेल लाई गई थी।
- निपाह अख्तर खुशी – चटग्राम की निवासी। 28 सितंबर 2024 को रांची के होटवार जेल से शिफ्ट कर हजारीबाग लाई गई थी।
- मोहम्मद नजमूल हंग – बागेरहाट का रहने वाला। 1 मार्च 2025 को दुमका जेल से शिफ्ट कर हजारीबाग लाया गया था।
फरारी की इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा प्रणाली, निगरानी व्यवस्था और कैदियों पर नजर रखने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि फरार कैदियों को जल्द पकड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।