दिल्लीः Parliament Winter Session: आज संसद के शीतकालीन सत्र का 16वां दिन है। सदन में दो दिन संविधान पर चर्चा के लिए निर्धारित की गई थी। इसके तहत 14 दिसंबर को भी सदन में संविधान पर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संविधान पर चर्चा की और इसके साथ ही सत्तारूढ़ सरकार पर जमकर निशाना साधा।
एकलव्य की तरह सरकार जनता का अंगूठा काट रही है
राहुल ने कहा कि जैसे द्रोणाचार्य ने एकलव्य का अंगूठा काटा था, वैसे ही आप हिंदुस्तान के तमाम लोगों का अंगूठा काट रहे हैं। भाषण की शुरुआत में राहुल गांधी ने संविधान के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि संविधान में अंबेडकर, गांधी और नेहरू के विचार हैं। उन विचारों का स्रोत शिव, बुद्ध, महावीर, कबीर आदि थे। भारत के संविधान के बारे में सबसे बुरी बात ये है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है।
ये आपके नेता सावरकर ने कहा था। जिसकी आप पूजा करते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं, क्या आप अपने नेता के शब्दों पर कायम हैं? क्या आप अपने नेता के शब्दों का समर्थन करते हैं? क्योंकि जब आप संसद में संविधान की रक्षा के बारे में बोलते हैं, तो आप सावरकर का उपहास कर रहे होते हैं, आप सावरकर को गाली दे रहे होते हैं, आप सावरकर को बदनाम कर रहे होते हैं।
इंदिरा ने अपने ऊपर फिल्म बनवाई
राहुल के सावरकर वाले बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने कहा कि 1970 में इंदिरा गांधी ने वीर सावरकर का टिकट जारी किया। 1979 में इंदिरा गांधी ने अपने निजी बैंक अकाउंट से सावरकर ट्रस्ट को फंड दिया। 1983 में इंदिरा गांधी ने ब्रॉडकास्टिंग से उनके ऊपर एक फिल्म बनवाई। इंदिरा गांधी ने लेटर लिखकर कहा था कि सावरकर जैसा सपूत कभी-कभी पैदा होता है।
50 फीसदी आरक्षण की दीवार तोड़ेंगे
अपने भाषण में आरक्षण और जातीय जनगणना का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने कहा था कि यदि राजनीतिक समानता है, लेकिन सामाजिक और आर्थिक समानता नहीं है, तो राजनीतिक समानता नष्ट हो जाएगी। इसलिए हमारा अगला कदम जनजातीय जनगणना है। हम यहां 50 फीसदी आरक्षण की दीवार को तोड़ेंगे।
राहुल ने बताया, क्यों गए थे हाथरस
अपने हाथरस दौरे पर राहुल ने कहा कि कुछ दिन पहले मैं हाथरस गया था। हाथरस में चार साल पहले एक लड़की का बलात्कार होता है। अपराधी बाहर घूम रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार क़ैद का जीवन जी रहा है। ये संविधान में कहां लिखा है? यूपी में संविधान नहीं मनुस्मृति लागू है।
इन सबके बाद राहुल ने संभल हिंसा पर भी बात की। कहा कि बीजेपी के लोग जहां जाते है, वहां नफरत फैलाते है।