रांची : झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (झासा) के 2025-27 सत्र के लिए कमिटी का शपथ ग्रहण समारोह करमटोली स्थित आईएमए भवन में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी थे। स्वास्थ्य मंत्री ने नई कमेटी को अपनी शुभकामनाएं दी और झासा की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने झासा की मांग को गंभीरता से लिया और बिहार की तर्ज पर डायनामिक एसीपी देने का वादा किया।
मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में अन्य राज्य झारखंड के चिकित्सक हितैषी नियमों का पालन करेंगे, जिससे दूसरे राज्यों के चिकित्सक भी झारखंड में आकर कार्य करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने यह घोषणा की कि ओपीडी की पाली पूर्व की भांति 9 बजे से 3 बजे तक चलेगी।
सिविल सर्जन को मिलेगी सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि सिविल सर्जन को जिले में उनके पद के अनुसार सुविधाएं दी जाएंगी और उनके समकक्ष अधिकारी उपायुक्त के बराबर उपलब्ध कराई जाएगी। पलामू में बायोमेट्रिक के कारण चिकित्सकों की अवरुद्ध वेतन निकासी को गलत ठहराते हुए उन्होंने इस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नई कमिटी ने ली शपथ
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ बिमलेश सिंह, सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ स्टीफन खेस, संयोजक डॉ शरद, उपाध्यक्ष (महिला कोषांग) डॉ मुसर्रत यामिनी, उपाध्यक्ष मुख्यालय डॉ शमीम, संयुक्त सचिव मुख्यालय डॉ अजीत कुमार सहित अन्य सम्मानित पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया।
मंत्री को समस्याओं से कराया अवगत
झासा अध्यक्ष डॉ बिमलेश सिंह ने मंत्री को बायोमेट्रिक से संबंधित व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया, जबकि सचिव डॉ. ठाकुर मृत्युंजय सिंह ने चिकित्सकों की अन्य समस्याओं पर चर्चा की। उपाध्यक्ष डॉ मुसर्रत यामिनी ने महिला चिकित्सकों की सुरक्षा और संसाधनों की उपलब्धता पर जोर दिया।
ये रहे मौजूद
समारोह में प्रमुख रूप से निदेशक प्रमुख डॉ. सीके शाही, सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन कोडरमा डॉ अनिल कुमार, लोहरदगा के सिविल सर्जन तथा झारखंड के विभिन्न जिलों से आए डॉक्टर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ श्वेता लाल, डॉ रवि राज और डॉ विकास गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव डॉ अजीत कुमार ने किया।
Read Also: RIMS DEVELOPMENT PLAN : 738 करोड़ से रिम्स की सूरत बदलने की तैयारी, जानें क्या है प्रबंधन का प्लान