रांची : झारखंड के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह किसानों के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जो राज्य के किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो कई अन्य राज्यों से ज्यादा है। इसके अलावा राज्य सरकार किसानों को 100 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस भी दे रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धान की खरीद प्रक्रिया 15 दिसंबर 2024 से शुरू हो चुकी है। अब तक 11,720 किसानों से 6.81 लाख क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।
राज्यभर में 684 अधिप्राप्ति केंद्र
राज्यभर में 684 अधिप्राप्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है। इस प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी खरीद प्रक्रिया को कंप्यूटरीकृत किया गया है। इसके साथ ही किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्टी ने 17 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। वहीं हेमंत सरकार किसानों के सशक्तिकरण और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि अगर वे किसानों के मुद्दे पर सच्चे हैं तो उन्हें यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में किसानों के लिए क्या किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के फायदे के लिए कई योजनाओं को लागू किया है, जो भाजपा के शासन में संभव नहीं हो सका था।
Read Also- कम नहीं हो रही प्राइवेट हॉस्पिटलों की मनमानी, अब बकाये बिल को लेकर मेदांता ने रोका शव