जमशेदपुर : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत राधा स्वामी सत्संग खरकई नदी के पास बीते दिनों एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। युवती के सिर को पत्थर से कूचकर मारा गया था। इधर, पुलिस ने युवती की पहचान आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह निवासी संजना हांसदा के रुप में की थी। पुलिस ने इस संबंध में संजना के प्रेमी रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
शारीरिक संबंध बनाने से इंकार करने पर की हत्या
पूछताछ में रोहित मुर्मू ने पुलिस को बताया कि वह संजना के साथ प्रेम संबंध में था। बुधवार को वह संजना को लेकर घूमने निकला था। संजना को लेकर पहले सिनी बाजार गया जहां दोनों घूमने के बाद खरकई नदी के किनारे गए। वहां दोनों एक साथ बैठे थे। उसने संजना से शारीरिक संबंध बनाने की बात कही पर संजना इसके खिलाफ थी। संजना का कहना था कि पहले शादी कर लो इसके बाद कुछ भी कर सकते हो। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरु हुआ जिसके बाद उसने संजना की हत्या कर दी।
सीमेंट के पिलर से तीन बार किया वार
रोहित ने बताया कि संजना और उसके बीच हाथापाई शुरु हो गई जिसके बाद संजना ने उसे एक थप्पड़ मार दिया जिससे गुस्से में आकर उसने संजना को जमीन पर गिराकर मारना शुरु कर दिया। पास ही एक सीमेंट का पिलर गिरा हुआ था जिससे संजनी के सिर पर वार किया। इस घटना के बाद संजना बेहोश हो गई। बेहोशी के हालत में ही उसी सीमेंट के पिलर से संजना पर दो बार और वार किया जिससे संजना की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने घर आ गया।
परिजनों ने किया सड़क जाम
इधर, संजना के परिजनों ने मंगलवार दोपहर सरायकेला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। वहीं परिजनों ने एसपी कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि संजना की हत्या में और भी लोग शामिल है। पुलिस सिर्फ रोहित को ही गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। पुलिस अन्य लोगों को बचा रही है। परिजनों ने लगभग ढाई घंटे तक सड़क को जाम रखा। हालांकि पुलिस द्वारा समझाने पर मामला शांत हुआ जिसके बाद परिजन सड़क से हट गए।
गुरुवार को मिला था शव
बता दे कि गुरुवार को पुलिस ने राधा स्वामी सत्संग खरकई नदी के पास के एक युवता का शव बरामद किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को शव की पहचान की गई थी। जांच में पुलिस ने पाया कि बुधवार शाम 6 बजे संजना प्रेमी से मिलने की बात कह कर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद पुलिस प्रेमी तक पहुंची।