जमशेदपुर : मानगो नगर निगम भूमि मालिकों को यह रकम भागीदारी आवास योजना (प्रधानमंत्री आवास योजना के चौथे घटक) के तहत दे रहा है। इसके लिए भूमि मालिक को 2 लाख 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। पिछले साल जिन लाभुकों को यह रकम दी गई थी। अब तक नगर निगम उनके मकान के निर्माण का जायजा लेने में जुटा था। अब नगर विकास विभाग ने चालू साल के लिए लाभुकों से आवेदन लेने की अनुमति दे दी है। फार्म भरने के लिए लाभुक को अपने साथ आधार कार्ड, फोटो और जमीन के कागजात लेकर जाने होंगे। जमीन की रजिस्ट्री के कागजात भी दिखाने होंगे। मानगो नगर निगम जमीन के कागजात मानगो अंचल विभाग को भेजेगा। वहां से जमीन की जांच कराई जाएगी। जब यह साफ हो जाएगा कि जमीन लाभुक के ही नाम है और उसके कागजात वैध हैं, तभी इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
रकम मिलने के छह महीने में बनाना होगा मकान
मानगो नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस योजना में रकम मिलने के छह महीने के अंदर लाभुक को मकान का निर्माण करना होगा। अगर, लाभुक ऐसा नहीं करता है तो नगर निगम उसके पीछे पड़ कर मकान का जल्द निर्माण कराता है। मकान निर्माण में कोताही बरतने वालों को नोटिस जारी किया जाता है। फिर भी मकान नहीं बनाने वालों से दी गई रकम की वसूली करने की प्रक्रिया शुरू होती है।
पिछले साल 42 को मंजूरी, 20 मकान बने
वित्तीय साल 2022-23 में मानगो नगर निगम में इस योजना के तहत जिन लाभुकों ने आवेदन किए थे, उनमें से 42 लोगों को मंजूरी दी गई थी। इन सभी को आवास बनाने के लिए रकम दी जा चुकी है। इनमें से 20 लोगों ने अब तक मकान का निर्माण कर लिया है। बाकी घरों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
अब तक 840 लोगों को मिला अपना मकान
मानगो में यह योजना साल 2015 से चल रही है। इस योजना के तहत अब तक 869 लोगों को आवास बनाने के लिए रकम देने को मंजूरी मिली है। इनमें से 840 मकान बन कर तैयार हो चुके हैं। कुछ लोगों ने मकान नहीं बनाए हैं। इनको नोटिस देकर मकान बनाने को कहा गया है।
Read also Exclusive : तो कोल्हान में प्रीपेड मीटर लगने में लग जाएंगे 22 साल
कोट
भागीदारी आवास योजना एक अच्छी योजना है। इसमें रैयती या रजिस्टर्ड जमीन के धारक को मकान निर्माण के लिए पैसा दिया जाता है। इस योजना में चालू साल के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इच्छुक लाभुक जल्द आवेदन कर सकते हैं।
- कृष्ण कुमार, उप नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम