नयी दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि डॉ. सिंह के भारत के लिए किए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा है कि “पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश अत्यंत दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार, प्रियजनों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।”
साधारण पृष्ठभूमि, असाधारण उपलब्धियां
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने डॉ. सिंह की साधारण पृष्ठभूमि और उनकी असाधारण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा है कि “डॉ. सिंह साधारण पृष्ठभूमि से आते थे, बावजूद उन्होंने देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किया।” उन्होंने भारत को आर्थिक प्रगति के पथ पर अग्रसर करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई।
आर्थिक सुधारों के जनक
डॉ. मनमोहन सिंह को भारत में आर्थिक सुधारों का जनक माना जाता है। उनके नेतृत्व में 1991 में किए गए आर्थिक सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भारत ने कई ऐतिहासिक आर्थिक और सामाजिक पहल कीं।
आरएसएस प्रमुख ने अपने बयान में कहा, “प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह के भारत के लिए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।”