नई दिल्ली/ Interim Budget : बीते दिन यानी 1 फरवरी 2024 को निर्मला सीतारमण ने केंद्र का अंतरिम बजट संसद में पेश कर दिया है। निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण के दौरान महिलाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं हैं। अपने भाषण के दौरान उन्होंने लखपति दीदी योजना का जिक्र भी किया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए अंतरिम बजट 2024 में इस योजना को और बढ़ावा देने की घोषणा की गई है। बता दें कि सरकार ने अब तक एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है और अगले कुछ वर्षों में इसे बढ़ाकर 3 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। क्या आप जानते हैं लखपति दीदी योजना क्या है? क्या है लखपति दीदी योजना के मुख्य उद्देश्य? आइए जानते हैं विस्तार से।
क्या हैं लखपति दीदी योजना?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2023 पर शुरू की गई “लखपति दीदी योजना” महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वाकांक्षी पहल साबित हो रही है। यह योजना स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कौशल विकास और आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखती है। गौरतलब है कि स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन संचालन और मरम्मत का प्रशिक्षण देने की खास पहल भी शुरू की गई है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को कृषि क्षेत्र में नया अवसर मिलेगा।
Lakhapath Didi: महिलाओं की वार्षिक आय बढ़ाने का लक्ष्य
यह योजना महिलाओं को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों, वित्तीय सहायता और उद्यमिता सहायता प्रदान करके उनकी वार्षिक आय को 1 लाख रुपये से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य रखती है। Lakhapath Didi योजना के तहत महिलाओं को प्लंबिंग, एलईडी बल्ब बनाना, ड्रोन संचालन और मरम्मत, सिलाई, कढ़ाई, खानपान आदि विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है।
बैंक से आसान ऋण, स्वरोजगार में सहायता
उन्हें बैंक से आसान ऋण प्राप्त करने में भी मदद की जाती है। इसके अलावा, महिलाओं को अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाती है। लखपति दीदी योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
लखपति दीदी योजना के लिए कौन कौन से दस्तावेज़ की जरूरत है?
• आधार कार्ड,
• पैन कार्ड,
• आय प्रमाण पत्र,
• निवास प्रमाण पत्र,
• बैंक खाते का विवरण,
• रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर,
• ईमेल आईडी,
• पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
क्या है योजना का उद्देश्य
लखपति दीदी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय को 1 लाख रुपये से अधिक तक बढ़ाना है। इसे प्राप्त करने के लिए सरकार उन्हें विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम, वित्तीय सहायता और उद्यमिता सहायता प्रदान करती है।
योजना के प्रमुख बिंदु
कौशल विकास: महिलाओं को प्लंबिंग, एलईडी बल्ब निर्माण, ड्रोन संचालन और मरम्मत, सिलाई, कढ़ाई, खानपान आदि विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है।
वित्तीय सहायता: स्वयं सहायता समूहों को बैंक से आसान ऋण प्राप्त करने में मदद की जाती है। साथ ही, महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाता है।
READ ALSO : 26 घंटे के बाद आया राजभवन का बुलावा, आज मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे चंपई सोरेन