सेंट्रल डेस्क : भारत में कोविड-19 (Covid-19) के मामलों में एक बार फिर वृद्धि देखी जा रही है। भले ही केस अभी कम संख्या में हैं, लेकिन सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो चुके हैं।
बेंगलुरु में 9 महीने का बच्चा निकला कोरोना पॉजिटिव
कर्नाटक के बेंगलुरु रूरल जिले के होसकोटे इलाके में 9 महीने का एक बच्चा कोविड पॉजिटिव पाया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव हर्ष गुप्ता ने बताया कि 22 मई को किए गए रैपिड एंटीजन टेस्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। बच्चा फिलहाल वाणी विलास अस्पताल, बेंगलुरु में भर्ती है और उसकी स्थिति स्थिर है।
इससे पहले उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया था, लेकिन बाद में सरकारी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। कर्नाटक में इस समय कुल 16 सक्रिय कोविड मामले हैं।
‘कबीर सिंह’ फेम एक्ट्रेस निकिता दत्ता भी संक्रमित
बॉलीवुड एक्ट्रेस निकिता दत्ता, जो ‘कबीर सिंह’ फिल्म से फेमस हुई थीं, ने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया कि वह और उनकी मां दोनों कोविड-19 पॉजिटिव हैं। निकिता ने पोस्ट में लिखा, “Covid has come to say hello.”
किन राज्यों में बढ़ रहे हैं कोविड केस?
केरल में सबसे ज्यादा एक्टिव केस
केंद्र सरकार के अनुसार, वर्तमान में केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा सक्रिय केस हैं:
केरल: 182 केस (कोट्टायम, एर्नाकुलम और तिरुवनंतपुरम जिलों में प्रमुख रूप से)
तमिलनाडु: 66 केस
महाराष्ट्र: 56 केस
मुंबई में आई केसों में तेजी
मई महीने में मुंबई में 95 नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं, जबकि जनवरी से अब तक पूरे महाराष्ट्र में कुल 106 केस आए थे। इसका मतलब है कि महाराष्ट्र में मई में सबसे ज्यादा केस सिर्फ मुंबई में देखे गए हैं। फिलहाल 16 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
आंध्र प्रदेश में एडवाइजरी जारी, सतर्कता बरतने की अपील
आंध्र प्रदेश सरकार ने जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है:
- भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें
- प्रार्थना सभाएं, पार्टियां और सामाजिक आयोजनों से दूरी बनाएं
- रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट्स पर कोविड गाइडलाइंस का पालन करें
- वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं को घर में रहने की सलाह दी गई है
- लोगों को बार-बार हाथ धोने, मास्क पहनने और खांसते-छींकते वक्त मुंह ढकने की हिदायत दी गई है।
Read Also: Airspace Ban: भारत और पाकिस्तान ने बढ़ाई एयरस्पेस पाबंदी, 23 जून तक उड़ानों पर रहेगा प्रतिबंध