Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में 25 मई को साकची पार्किंग स्थल पर आयोजित जिला स्तरीय “संविधान बचाओ रैली” में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह रैली जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित थे। के. राजू ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आज संविधान पर खतरा मंडरा रहा है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसे बचाने के लिए पूरे देश में आवाज बुलंद कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं और लोकतंत्र को बचाने के लिए संगठित होकर काम करें।प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान से भरा रहा है और संविधान की रक्षा के लिए भी पार्टी पूरी ताकत से खड़ी है।रैली में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार से झारखंड में सरना धर्म को मान्यता देने की मांग की, वहीं बन्ना गुप्ता ने जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। पूर्व सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि आदिवासी समाज को केंद्र सरकार के द्वारा लगातार दबाया जा रहा है, जिसका विरोध जरूरी है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने प्रदेश नेताओं को अंगवस्त्र, बुके, गांधी टोपी और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी ने तीन प्रस्ताव पढ़े, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से पारित किया।इन प्रस्तावों में मुख्य रूप से “ऑपरेशन सिंदूर” में सेना की वीरता की सराहना, संविधान के अनुच्छेद 15(5) के तहत शैक्षणिक संस्थानों में पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की झारखंड में शीघ्र लागू करने की मांग और राहुल गांधी द्वारा जातीय जनगणना के समर्थन में लड़ी गई लड़ाई को लेकर केंद्र सरकार की सहमति को ऐतिहासिक जीत बताया गया।
रैली का संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया और इसमें जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, महिला एवं युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन विभाग की सक्रिय भूमिका रही।
Read also – Loksabha Speaker In Jamshedpur ; भारत बनेगा औद्योगिक महाशक्ति : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला