जमशेदपुर : साइबर ठगों ने जमशेदपुर के दो लोगों के बैंक खाते से रुपए उड़ा दिए हैं। बिरसानगर के राजेश कुमार के बैंक खाते से दो लाख रुपए उड़ाए गए हैं। राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अंजनी कूरियर से सामान बुक किया था। उनका सामान नहीं आया। तो उन्होंने इंटरनेट से कंपनी का नंबर निकाला और उस पर फोन किया। उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उधर से कहा गया कि वह एक लिंक भेज रहे हैं। इस पर ₹5 का पेमेंट कर दें। उनकी शिकायत दर्ज हो जाएगी और उनका सामान घर पहुंच जाएगा। इस पर राजेश कुमार झांसे में आ गए। उन्होंने उस लिंक पर ₹5 पेमेंट किया और थोड़ी ही देर में देखा कि उनके बैंक खाते से दो लाख रुपए की अवैध निकासी हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने उस लिंक के जरिए राजेश कुमार का यूपीआई आईडी प्राप्त कर ली और इसके जरिए उनका पैसा निकासी कर लिया। इसी तरह विजया गार्डन के अभिषेक कुमार को भी साइबर ठगों ने निशाना बनाया। डीसीएक्स कंपनी की तरफ से उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि वह चांदी का सिक्का खरीद कर लाभ कमा सकते हैं। कम दाम में सिक्का मिलेगा। अभिषेक कुमार कंपनी के झांसे में आ गए और उनके खाते से साइबर ठगों ने 2 लाख 20 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली।
Read also – Dumka Fraud :“108 कदम” के झांसे में महिला से लाखों की ठगी, सोना व नकदी लेकर चंपत हुए पाखंडी