Home » Jamshedpur East Assembly Election : भाजपा के गोगो दीदी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया राज्य में भाजपा सरकार बनने पर लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा का वादा

Jamshedpur East Assembly Election : भाजपा के गोगो दीदी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया राज्य में भाजपा सरकार बनने पर लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा का वादा

भारी तादाद में महिलाओं की उपस्थिति में लिया गया सशक्तिकरण का संकल्प, सम्मेलन में महिलाओं के लिए बड़े वादे

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में गोगो दीदी सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया गया। इस सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और हजारों महिलाओं को संबोधित किया।

भाजपा की सरकार बनी तो हर माह मिलेंगे 2100 रुपये और गैस सिलेंडर मात्र 500 रुपये में

सम्मेलन में अन्नपूर्णा देवी ने भाजपा की सरकार बनने पर झारखंड की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। गोगो दीदी योजना के तहत, महिलाओं के खाते में सालाना 25,000 रुपये सीधे जमा होंगे।” साथ ही, उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर झारखंड में 500 रुपये में गैस सिलेंडर और त्योहारों पर दो मुफ्त सिलेंडर भी मिलेंगे।

गर्भवती महिलाओं के लिए 31000 रुपये की सहायता

महिला शिक्षा पर जोर देते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा सरकार लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा प्रदान करेगी। गर्भवती महिलाओं के लिए 31,000 रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया गया। उन्होंने कहा कि “भाजपा का लक्ष्य महिलाओं का हर स्तर पर सशक्तिकरण है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और झारखंड का विकास कर सकें।”

झामुमो-कांग्रेस सरकार पर हमला

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड में मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने केंद्र की विकास योजनाओं को लागू नहीं होने दिया, जिससे महिलाओं और गरीब परिवारों को लाभ नहीं मिल सका। अन्नपूर्णा देवी ने कहा, “अगर झामुमो-कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना लागू की होती, तो आज राज्य की सभी महिलाओं को पक्के घर मिल चुके होते।”

भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू ने भी राज्य सरकार को घेरा

भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू ने सम्मेलन में राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “हेमंत सरकार ने रोजगार और पेंशन जैसी योजनाओं में जनता को ठगने का काम किया है।” उन्होंने कहा कि वृद्ध पेंशन का पैसा महीनों से नहीं दिया गया और अब चुनाव के वक्त 1000 रुपये देकर माताओं और बहनों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। पूर्णिमा साहू ने महिलाओं से भाजपा सरकार को वोट देकर ऐसी सरकार को सबक सिखाने की अपील की।

महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति

सम्मेलन में मंच का संचालन कल्याणी शरण ने किया और स्वागत भाषण नीलू मछुआ ने दिया। विभिन्न मंडलों की महिला मोर्चा अध्यक्षों ने भी सम्मेलन में शिरकत की, जिसमें बारीडीह मंडल की अध्यक्ष रूपा देवी, बिरसानगर अध्यक्ष उर्मिला देवी, गोलमुरी की बिमला साहू सहित कई प्रमुख महिला नेता शामिल थीं।

भाजपा का महिला सशक्तिकरण का वादा

गोगो दीदी सम्मेलन में भाजपा ने महिलाओं के लिए कई अहम वादे किए, जो आने वाले चुनाव में भाजपा को महिलाओं का समर्थन दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं. माना जा रहा है कि भाजपा का गोगो दीदी सम्मेलन झारखंड में महिला सशक्तिकरण और विकास के लिए भाजपा की योजनाओं को बढ़ावा देने का एक अहम कदम साबित हो सकता है। यह सम्मेलन भाजपा के महिला मतदाताओं के समर्थन को मजबूत करने में सहायक माना जा रहा है।

Related Articles