Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आगामी 25 मई 2025 को साकची स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने पार्किंग मैदान में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली अपराह्न 3 बजे से शुरू होगी, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे और भारतीय संविधान की रक्षा को लेकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
शनिवार को साकची के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, सांसद गुरमीत सिंह सप्पल, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री राधाकृष्णन किशोर, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार समेत कई राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
आनंद बिहारी दुबे ने बताया कि प्रखंड, मंडल, पंचायत और वार्ड स्तर पर कार्यरत कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम जनता को रैली में आमंत्रित किया गया है। इस रैली के माध्यम से पार्टी नेतृत्व संविधान को बचाने की दिशा में अपनी बात रखेगा।
रैली को सफल बनाने के लिए बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स प्रखंड और मंडल स्तर पर लगाए जाएंगे। साथ ही, घर-घर जाकर आमंत्रण देने का अभियान भी चलाया जाएगा। सभी समाजों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी रैली में शामिल होने का न्योता दिया गया है। संगठन विभाग के पदाधिकारियों को भी इस आयोजन की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इससे पूर्व, शुक्रवार को साकची में प्रस्तावित रैली स्थल पर तैयारी समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता आनन्द बिहारी दुबे ने की थी। बैठक का संचालन जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष संजय सिंह आज़ाद ने किया था।
Read also – Jharkhand Mega Block : इन 4 ट्रेनों का संचालन रहेगा रद्द, झारखंड से जुड़ी यात्रा पर असर