Jamshedpur News : खेल जगत में भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। झारखंड के जमशेदपुर शहर के मानगो की रहने वाली स्नेहा कुमारी ने थाईलैंड में आयोजित इंटरनेशनल स्ट्रेंथलिफ्टिंग एंड इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ देश का नाम रोशन किया, बल्कि झारखंड और जमशेदपुर को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
स्नेहा कुमारी मानगो के रहने वाले कामेश्वर ठाकुर की बेटी हैं। वह सोमवार को जब टाटानगर स्टेशन पहुंचीं तो स्टेशन परिसर “भारत माता की जय”, “नारी शक्ति जिंदाबाद” और “झारखंड की शान स्नेहा कुमारी” जैसे नारों से गूंज उठा।
इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, खेल प्रेमी और सामाजिक संगठन ने भाग लिया।
नीतीश कुशवाहा ने कहा कि स्नेहा की यह जीत सिर्फ दो मेडल की नहीं, बल्कि हर उस बेटी की जीत है जो सीमित संसाधनों के बीच भी बड़े सपने देखती है और उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करती है। स्नेहा जैसी बेटियां आज के समाज के लिए प्रेरणा हैं।
अपने सम्मान समारोह में स्नेहा कुमारी ने कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, हर उस बेटी का है जो खुद पर विश्वास रखती है। मेरा सपना है कि झारखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। इस प्यार और समर्थन के लिए उन्होंने पूरे जमशेदपुर का आभार जताया।”
यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणादायक है। इससे राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को आगे बढ़ने का आत्मबल मिलेगा।