Jamshedpur : जमशेदपुर में अपराधियों के खिलाफ व्यापक पुलिस अभियान चलाया गया। रविवार को पुलिस ने बताया कि इस अभियान में 77 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इन सभी को जेल भेज दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर यह विशेष अभियान रात 8 बजे से शुरू हो कर पूरी रात चला था।
इसका मकसद जिले में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर नकेल कसना, थानों में दर्ज गंभीर मामलों के आरोपियों का सत्यापन करना और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी करना था।अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई हुई। पुलिस केंद्र से अतिरिक्त बल भेजा गया, जिससे अभियान की गति और गंभीरता दोनों बनी रही। कार्रवाई के दौरान कुल 365 पुराने आपराधिक मामलों में नामजद आरोपियों का भौतिक सत्यापन किया गया।
साथ ही पिछले पांच वर्षों में फायरिंग से संबंधित मामलों के 159 अभियुक्तों की भी गहन जांच की गई।इस सघन तलाशी अभियान में 77 आरोपियों को गिरफ्तार िया गया। इसके अलावा जिले के 125 होटल, लॉज और अतिथि गृहों की जांच की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। खानाबदोशों और अस्थायी रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई।अभियान के सफल संचालन में जिले के सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक सक्रिय रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा अभियान की लगातार निगरानी की गई।
,