जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की एनसीसी कैडेट्स चांदमणि प्रधान और हेमंती पातर दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेंगी। 26 जनवरी को दिल्ली के राजपथ पर होने वाली परेड के लिए इन दोनों कैडेट्स का चयन हुआ है। इन दोनों छात्राओं के चयन से जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में खुशी का माहौल है। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रोफेसर डॉ अंजिला गुप्ता का कहना है कि दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड देश की सबसे प्रतीष्ठित परेड होती है। इस परेड के लिए चयनित होना हर कैडेट का एक सपना होता है। उन्होंने कहा कि चांदमणि प्रधान और हेमंती पातर ने काफी मेहनत की है। काफी अच्छा अनुशासन दिखाया और अपने प्रदर्शन को लगातार निखारा है। इसी के बाद उनका चयन दिल्ली की इस परेड के लिए हुआ है। इन दोनों ने न केवल जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी बल्कि पूरे झारखंड का नाम रौशन किया है। उनकी सफलता से यूनिवर्सिटी गौरवान्वित है। कुलपति ने कहा कि इन दोनों कैडेट्स के चयन ने यह दिखा दिया है कि मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है। क्योंकि, दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड के लिए चयन की प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण होती है। उनकी यह उपलब्धि छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। दोनों एनसीसी कैडेट्स ने अपनी कामयाबी का श्रेय यूनिवर्सिटी प्रशासन के अलावा अपने परिवार को भी दिया है। एनसीसी विभाग ने इस उपलब्धि को यूनिवर्सिटी के इतिहास में मील का पत्थर बताया है। उनका चयन न केवल एनसीसी के मूल सिद्धांतों को मजबूत बनाता है। बल्कि, यूनिवर्सिटी की अन्य छात्राओं को प्रेरित करता है। एनसीसी की केयर टेकर प्रीति ने बताया कि इन दोनों कैडेट्स की सफलता उनकी लगन का परिणाम है। उन्होंने साबित कर दिया है कि यूनिवर्सिटी की छात्राएं किसी भी चुनौती को पूरा करने में सक्षम हैं। उनके लिए यह सफलता महान है। राजपथ पर परेड करना देशभक्ति की भावना से भर देता है। गौरतलब है कि जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही है।
Jamshedpur Women’s University : एनसीसी कैडेट्स दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड का करेंगी प्रतिनिधित्व
146