Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में लंबे इंतजार के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) से नियुक्त कुमारी अंजना ने अंततः विश्वविद्यालय में योगदान नहीं किया। इसके बाद डॉ. सलोमी कुजूर ने आधिकारिक रूप से विश्वविद्यालय की नई रजिस्ट्रार के रूप में पदभार संभाल लिया है।
डॉ. सलोमी कुजूर ने संभाला पदभार
डॉ. कुजूर पूर्व में विश्वविद्यालय की विकास पदाधिकारी (Development Officer) के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई विकासात्मक परियोजनाओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। पूर्व रजिस्ट्रार प्रो. राजेन्द्र जायसवाल ने लंबे समय तक इस पद का दायित्व निभाया था।
कुलपति ने दी शुभकामनाएं
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने डॉ. सलोमी कुजूर को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार किसी महिला ने रजिस्ट्रार पद का दायित्व संभाला है। पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. कुजूर का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कुमारी अंजना ने नहीं किया योगदान
जानकारी के अनुसार, JPSC द्वारा जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के लिए कुमारी अंजना की नियुक्ति की गई थी।वर्तमान में वे पटना स्थित आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी में उप कुलसचिव के पद पर कार्यरत हैं।नियुक्ति की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद, तीन महीने बीत जाने पर भी उन्होंने योगदान नहीं किया। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉ. सलोमी कुजूर को रजिस्ट्रार का दायित्व सौंपा।
विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल
डॉ. कुजूर के पदभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है।सभी शिक्षकों एवं कर्मियों ने उनके नेतृत्व में संस्थान की प्रगति की उम्मीद जताई है।

