Home » फ्लाइट से जाता था असम और ट्रेन से आता था युवक, 377 फर्जी सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार

फ्लाइट से जाता था असम और ट्रेन से आता था युवक, 377 फर्जी सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार

Jamtara: झारखंड व बिहार में फर्जी सिम सप्लाई करने वाले चेन का खुलासा

by Reeta Rai Sagar
SIM card fraud racket in Jamtara.
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

जामताड़ा : झारखंड पुलिस ने साइबर अपराध की दुनिया में सक्रिय एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। जामताड़ा साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी गांव से आरोपी अकबर हुसैन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 377 असम नंबर के सिम कार्ड, इंडिगो की फ्लाइट टिकट, तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है।

जांच में खुलासा हुआ कि अकबर हुसैन फ्लाइट से असम जाता था और वहां से ट्रेन के जरिए फर्जी आईडी पर खरीदे गए सिम कार्ड की खेप जामताड़ा लाता था। फिर इन सिम कार्ड्स को वह 1500 से 2500 रुपये प्रति सिम में साइबर ठगों को बेचता था।

जामताड़ा से लेकर बिहार तक सप्लाई चेन

पुलिस ने बताया कि यह शातिर आरोपी न केवल जामताड़ा बल्कि गिरिडीह, देवघर और बिहार के सीमावर्ती जिलों तक सिम कार्ड सप्लाई करता था। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।

जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने बुधवार देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि संभवतः यह प्रदेश का पहला मामला है, जब इतनी बड़ी संख्या में फर्जी आईडी पर खरीदे गए सिम कार्ड किसी अपराधी से बरामद हुए हैं।

2021 से रहा है साइबर ठगी में सक्रिय

एसपी मेहता ने बताया कि आरोपी अकबर हुसैन सीधे तौर पर साइबर ठगी के धंधे में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ 21 अप्रैल 2021 को जामताड़ा साइबर थाने में ठगी का मामला दर्ज हुआ था।

असम से सिम कार्ड खरीदने और वहां के सरगना को ऑनलाइन पैसे भेजने की भी बात सामने आई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह आरोपी असम में किन नेटवर्क से जुड़े लोगों से सिम कार्ड खरीदता था।

सिंडिकेट की आहट, पुलिस की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, सिम कार्ड सप्लाई का यह धंधा किसी बड़े सिंडिकेट के जरिए संचालित होता है। आशंका है कि इस रैकेट में कई लोग शामिल हैं।

सूचना मिलने पर जब पुलिस ने छापेमारी की, तो आरोपी अकबर हुसैन को करमाटांड़ के मुर्गाबनी गांव से दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से जामताड़ा और आसपास के जिलों में साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगेगी।

Also Read: Jamshedpur News : बागबेड़ा में युवक पर फायरिंग, पैर में गोली लगने से घायल

Related Articles

Leave a Comment