रांची : झारखंड की राजधानी रांची में डुमरी विधायक जयराम महतो, यूट्यूबर उत्तम कुमार महतो और बिट्टू सिंह के खिलाफ महिला को सोशल मीडिया पर अपमानित करने, मानहानि और अश्लील भाषा के प्रयोग के आरोप में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता महिला हरमू हाउसिंग कॉलोनी की निवासी हैं।
यूट्यूब चैनल के जरिए अभद्र टिप्पणी का आरोप
प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि जेएलकेएम पार्टी से जुड़ी एक टीम द्वारा संचालित यूट्यूब चैनल पर उनके खिलाफ गाली-गलौज और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो अपलोड किए गए हैं। यूट्यूबर बिट्टू सिंह द्वारा बनाए गए वीडियो में महिला का नाम लेकर अपमानजनक बातें कही गई हैं।
Jairam Mahto case : जयराम महतो पर गंभीर आरोप
शिकायत में महिला ने कहा है कि यूट्यूबर उत्तम कुमार महतो, जो रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र का निवासी है, विधायक जयराम महतो का करीबी सहयोगी है। महिला ने दावा किया है कि ये सभी जयराम महतो के इशारे पर वीडियो बना रहे हैं। इसके अलावा, विधायक ने पूर्व में महिला पर केस वापस लेने का दबाव भी बनाया था।
Jairam Mahto case : सामाजिक अपमान का दावा
महिला का आरोप है कि केस नहीं उठाने के कारण अब उन्हें समाज में बदनाम और अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। अरगोड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपों की कानूनी पुष्टि की प्रक्रिया में है।