खूंटी : झारखंड के खूंटी स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय के छात्र सुधीर सांगा (Sudhir Sanga) ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित मिनी नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता (Mini National Archery Championship 2025) में अंडर-13 (under-13) कंपाउंड बालक वर्ग के 30 मीटर इवेंट में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीत कर झारखंड का नाम रोशन किया है। सुधीर की इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले और राज्य में खुशी का माहौल है।
सुधीर सांगा : संघर्ष से सफलता तक
सुधीर सांगा का जीवन संघर्षों से भरा है। बाल्यकाल में ही पिता का निधन हो गया, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर हो गई। उनकी मां बिरंग सांगा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सुधीर की अद्वितीय प्रतिभा और मेहनत ने उन्हें एक असाधारण खिलाड़ी बना दिया। सुधीर का झुकाव तीरंदाजी के प्रति था, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण इसे सीखना आसान नहीं था। उनकी प्रतिभा को देखते हुए सरकार की ओर से संचालित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में उनका दाखिला कराया गया। वहां उन्हें खेल के लिए सही माहौल और प्रशिक्षण मिला।
अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों से मिला सहयोग
अभ्यास के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी के बावजूद सुधीर ने हार नहीं मानी। अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और वर्तमान में सीआरपीएफ में कार्यरत अस्मिता केरकेट्टा ने सुधीर की प्रतिभा को पहचानते हुए अपना धनुष अभ्यास के लिए दिया। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज राहुल और मोनिका ने भी सुधीर की मदद की। उन्हें कीमती साइटर और तीर उपलब्ध कराए। इस सहयोग ने सुधीर के अभ्यास को और मजबूत किया। इसकी सहायता से उन्होंने प्रतियोगिता के लिए बेहतर तरीके से तैयारी की।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित मिनी नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुए थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद सुधीर ने अपनी सटीक निशानेबाजी और बेहतरीन तकनीक से सभी को प्रभावित किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने पूरे देश में झारखंड को गौरवान्वित किया है।
सुधीर की इस सफलता पर उनके स्कूल, जिला और राज्य के लोगों ने खुशी और गर्व व्यक्त किया है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहपाठियों ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना की है। खूंटी के खेल प्रेमियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सुधीर की इस सफलता को झारखंड के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सुधीर के तीरंदाजी कोच, आशीष कुमार ने कहा, “सुधीर में अद्वितीय प्रतिभा है। आने वाले समय में वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।”