Ranchi News : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए झारखंड पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने आदेश जारी करते हुए 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी हैं।
मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार, इस दौरान राज्यभर में सभी पुलिस बलों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में छुट्टी केवल विशेष स्थिति में ही संबंधित अधिकारी की अनुमति से स्वीकृत होगी। आदेश में कहा गया है कि इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक सभी को अलर्ट मोड में रहना होगा।
राज्य भर में रहेगी सख्त निगरानी
सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, जिलों के एसपी और कमांडेंट को आदेश दिया गया है कि त्योहार के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी हर जगह सुनिश्चित हो। दुर्गा पूजा के समय भीड़ नियंत्रण, पंडालों की निगरानी, यातायात व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है।
जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव
जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के मद्देनजर तैयारी शुरू है। यहां ट्रैफिक पुलिस बाकायदा रूट चार्ट तैयार कर रही है। दुर्गा पूजा के दौरान यहां शहर में भारी वाहनों के लिए नो इंट्री रहेगी।