रांची : झारखंड को जनवरी 2025 में चार महत्वपूर्ण SGFI (School Games Federation of India) राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेज़बानी करने का सम्मान प्राप्त हुआ है। यह प्रतियोगिताएं रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएंगी। इन खेलों में अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की एथलेटिक्स, टेनिस, ट्रैक साइक्लिंग और हॉकी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
एसजीएफआई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की तारीखें
प्रतियोगिताओं का आयोजन 5 जनवरी से शुरू होकर 27 जनवरी तक होगा। इन प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित तारीखें निम्नलिखित हैं:
- अंडर-19 एथलेटिक्स: 5 से 8 जनवरी
- अंडर-14 एथलेटिक्स: 11 से 14 जनवरी
- टेनिस प्रतियोगिता: 17 से 19 जनवरी
- ट्रैक साइकिलिंग: 17 से 20 जनवरी
- हॉकी प्रतियोगिता: 23 से 27 जनवरी
इन खेलों में देश के विभिन्न राज्यों और संघों की कुल 45 टीमें भाग लेंगी। इन प्रतियोगिताओं की मेज़बानी झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, और राज्य सरकार ने इन खेलों के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है।
चुनाव के कारण स्थगित हुआ था आयोजन
इससे पहले, SGFI की कुछ प्रतियोगिताओं का आयोजन नवंबर और दिसंबर 2024 में होना था, लेकिन राज्य में विधानसभा चुनाव के चलते इन प्रतियोगिताओं को स्थगित कर दिया गया था। चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण खेलों के आयोजन में देरी हुई। अब चुनाव संपन्न होने के बाद SGFI ने नई तिथियों के साथ झारखंड को मेज़बानी का अवसर प्रदान किया है।