गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित छछंदो पंचायत के जोभी गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना में एक महिला और उसके बेटे की जलकर मौत हो गई। दोनों की पहचान जोभी गांव निवासी सोमरा मुर्मू की पत्नी नुनिया देवी (40) और उनके बेटे चांद मुर्मू (12) के रूप में हुई है।
खलिहान में सोते समय लगी आग
जानकारी के अनुसार, रात के समय नुनिया देवी और उनका बेटा चांद खलिहान में सोने गए थे। जानकारी के अनुसार, खलिहान के पास ठंड से बचने के लिए मां और बेटा आग तापने गए थे, जो शायद आग की चिंगारी से भड़क गई। आग ने पुआल से बने घर को अपनी चपेट में ले लिया, और दोनों की जलकर मौत हो गई।
सोमरा मुर्मू ने बताया कि रात को जब वह अपने घर पर थे, तो अचानक गांव में लोगों की चीख-पुकार सुनकर वह भागते हुए खलिहान पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने देखा कि आग की लपटों में उनकी पत्नी और बेटा फंसे हुए थे, और दोनों की मौत हो गई। सोमरा मुर्मू ने बताया कि उनके छह बच्चे हैं, जिनमें चांद मुर्मू सबसे छोटा था।
पुलिस जांच और शोक व्यक्त करने पहुंचे नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि आग तापने के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करने के लिए स्थानीय विधायक जयराम महतो, जेएमएम नेता अखिलेश महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार महतो राजू और भाजपा नेता दीपक श्रीवास्तव जैसे कई नेता गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर सांत्वना दी।