सरायकेला/खरसावां : Jharkhand Politics : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन अब भी चर्चाओं में बने हुए हैं और उनपर भगवा रंग चढ़ता दिख रहा है। झारखंड की राजनीति में नया अध्याय लिखने चले चम्पाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड नारंगी हो गया है। वहीं, झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले सरायकेला में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को तगड़ा झटका लगा है क्योंकि सत्तारूढ़ पार्टी के हेवीवेट नेता सोनाराम बोदरा ने चम्पाई सोरेन के साथ चलने का ऐलान कर दिया है।
Jharkhand Politics : सरायकेला में जगह-जगह हो रहा स्वागत
झारखंड मुक्ति मोर्चा को अलविदा कहने के बाद चम्पाई सोरेन इन दिनों कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र के दौरे पर हैं और उनका जगह-जगह खूब स्वागत हो रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को सरायकेला पहुंचने के रास्ते में समर्थकों ने जगह-जगह उनका का स्वागत किया। जमकर आतिशबाजी की गई। सरायकेला में चम्पाई सोरेन के कटआउट लगाए गए हैं। उनके कटआउट और होर्डिंग्स की खूब चर्चा हो रही है।
Jharkhand Politics : हरा से भगवा हुआ चंपाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड
दरअसल, चर्चाओं का बाजार यूं ही गर्म नहीं है, चम्पाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड बदल गया है। पहली बार यहां चम्पाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड हरा की बजाय भगवा रंग नजर आ रहा है। होर्डिंग्स भी भगवा रंग के ही हैं। होर्डिंग्स में सिर्फ चम्पाई सोरेन जिंदाबाद लिखा है। कटआउट लगाने वाले का नाम नहीं है। सरायकेला के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भी चम्पाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड भगवा ही था।
Jharkhand Politics : फाउंटेन का पानी भी भगवा
झारखंड आंदोलनकारी और लंबे समय तक झामुमो के सिपाही रहे चम्पाई सोरेन के कार्यक्रम में भगवा रंग देखकर सभी चकित हैं। यहां बने फाउंटेन (फव्वारे) से जो पानी निकल रहा था, उसका भी रंग भगवा हो गया। चारों ओर इसकी चर्चा हो रही है। दबी जुबान से उनके भाजपा में जाने की चर्चा है।
Jharkhand Politics : भाजपा में शामिल होने के सवाल पर क्या बोले चम्पाई
चम्पाई सोरेन से जब पूछा गया कि वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होंगे, तो वह इस सवाल को बड़ी चतुराई से टाल गए। कहा कि अलग रास्ते पर निकल गए हैं। अब नया अध्याय लिखेंगे। आने वाले दिनों में नया संगठन बनायेंगे या फिर अच्छा दोस्त मिला, तो उसके साथ आगे बढ़ेंगे और जनता की सेवा करेंगे।
Jharkhand Politics : चंपाई बोले- हमेशा गरीबों के लिए किया आंदोलन
चंपाई सोरेन ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत से ही मैंने उन लोगों के लिए आंदोलन किया, जिनके बदन पर कपड़े और पैरों में चप्पल नहीं थे। इन आंदोलनों की वजह से ही टाटा स्टील एवं यूसिल समेत कई कंपनियों में हजारों लोगों को स्थायी नौकरी मिली।
Jharkhand Politics : 5 माह के कार्यकाल में आदिवासियों, मूलवासियों के हित में किए कई काम
उन्होंने कहा कि अपने 5 महीने के छोटे से कार्यकाल में हमने सदैव झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों, पिछड़ों, दलितों, माहिलाओं, युवाओं, गरीबों, किसानों एवं मजदूरों के हित में काम किया। अपने जीवन के नये अध्याय में भी झारखंड की जनता के हित के मुद्दे पर ही आगे बढ़ेंगे। लोगों का जीवन स्तर सुधारने का प्रयास रहेगा।
Jharkhand Politics : साथ कदम मिलाकर चलेंगे : सोनाराम बोदरा
सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कोल्हान टाइगर चंपाई सोरेन के साथ चलने व कदम से कदम मिला कर चलने की घोषणा की। कहा कि पूर्व चंपाई दादा ने नया राजनीतिक सफर शुरू किया है, उनके इस सफर में हम साथ हैं। कहा कि कोल्हान टाइगर ने गुरुजी के साथ मिलकर अलग राज्य की लड़ाई लड़ी। आदिवासी-मूलवासी का सपना कैसे पूरा हो, इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।