रांची : झारखंड विधानसभा में बुधवार को बजट सत्र के दौरान झारखंड कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं विधेयक-2025 संशोधनों के साथ पारित हो गया। यह विधेयक राज्य में सुधारात्मक सेवाओं और जेल व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से लाया गया था। विपक्षी विधायक राज सिन्हा ने विधेयक में कुछ महत्वपूर्ण संशोधन प्रस्तावित किए, जिन्हें राज्य के प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने स्वीकार किया और फिर विधेयक ध्वनिमत से पारित हो गया।
विधेयक पर विपक्ष का बयान
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधेयक पर चर्चा करते हुए इसे महत्वपूर्ण बताते हुए राज्य भर के जेलों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने जेलों में डीजी स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की मांग भी की, ताकि वहां की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। उनका कहना था कि राज्य के जेलों में पुलिस अफसरों की कमी के कारण अपराधी जेल से भी अपना साम्राज्य चला रहे हैं।
गढ़वा डीसी पर कार्रवाई की मांग
विधानसभा में भाजपा (BJP) के विधायक सत्येंद्रनाथ ने गढ़वा डीसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। विधायक ने कहा कि गढ़वा में किसान निधि योजना में एक अरब रुपए से अधिक का घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गढ़वा जिला परिषद के उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव का घर अतिक्रमण के नाम पर गिरा दिया गया।
हजारीबाग में स्थिति नियंत्रण में : मंत्री राधा कृष्ण किशोर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हजारीबाग में हुए रामनवमी के मंगला जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर सवाल उठाए। इस पर प्रभारी मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि हजारीबाग में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान आपत्तिजनक गाने बजाए जाने के कारण दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ।0 उसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड 89/25 दर्ज किया और दोनों पक्षों से 5-5 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि 200 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार दोनों पक्षों पर एक जैसे कार्रवाई कर रही है, लेकिन जिन्होंने पत्थरबाजी की, उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाने चाहिए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।