Home » Jharkhand Weather Alert : मौसम विभाग का अलर्ट, झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

Jharkhand Weather Alert : मौसम विभाग का अलर्ट, झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

by Anand Mishra
Weather
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के लोगों को गर्मी से जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने खुशखबरी देते हुए बताया है कि राज्य के ज्यादातर जिलों में 17 जून से हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इतना ही नहीं, 17 और 18 जून को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है, जिसके लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून को उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी-पश्चिमी जिलों के साथ-साथ आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 18 जून को भी दक्षिण, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दिन भी कहीं-कहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से हवा चलने की आशंका है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून जल्द देगा दस्तक

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले पांच दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल के रास्ते झारखंड और बिहार में पहुंचने की पूरी संभावना है। इससे राज्य में मानसून का विधिवत आगमन हो जाएगा और लोगों को गर्मी से स्थायी राहत मिल सकेगी।

रविवार को रांची में मौसम साफ, लातेहार में सबसे ज्यादा बारिश

इधर, रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा, हालांकि दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार में दर्ज की गई, जो 20 मिलीमीटर थी। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा 40.2 डिग्री सेल्सियस डालटेनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ।

रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में 36.5, डालटेनगंज में 40.2, बोकारो में 38.1 और चाईबासा में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles