चंदनकियारी (बोकारो) : झारखण्ड के बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र में पुरुलिया राष्ट्रीय उच्च पथ पर बरमसिया ओपी क्षेत्र के दुबेकाटा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें रांची से होली मनाने घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने कुचल दिया। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब 30 वर्षीय अभिषेक कुमार चौधरी बाइक से अपने गांव गुंडरी (चंदनकियारी) लौट रहे थे। अभिषेक रांची में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और त्योहार के लिए अपने घर आ रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से महज 15 किमी पहले ही यह हादसा हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जाता है कि बरमसिया से पुरुलिया की ओर तेज गति से जा रही एक पिकअप वैन ने अभिषेक की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
राहगीरों ने पहुंचाई मदद, नहीं बची जान
सड़क हादसे के बाद वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अभिषेक को चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बोकारो सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान अभिषेक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जब्त किया वाहन, परिजनों में कोहराम
हादसे के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। अभिषेक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिषेक के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में जहां होली की खुशियों की तैयारी हो रही थी, वहीं अब मातम का माहौल छा गया है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रशासन की सख्ती को लेकर सवाल खड़े करता है। अक्सर त्योहारों के दौरान बिना नियंत्रण के तेज गति से दौड़ते वाहन कई घरों को उजाड़ देते हैं।