Simdega: झारखंड के सिमडेगा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की गर्दन काटकर जंगल में फेंक दी गई। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला एक व्यक्ति की दो शादियों के विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें पंचायत के फैसले के बाद इस वीभत्स वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना सिमडेगा के बांसजोर थाना क्षेत्र के पहाड़टोली की है। बुधवार सुबह सड़क किनारे एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसकी गर्दन से खून बह रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ओडिशा की महिला थी दूसरी पत्नी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ओडिशा की रहने वाली मीरा तिर्की है, जिसकी शादी बांसजोर के बागे नामक व्यक्ति से हुई थी। मीरा उसकी दूसरी पत्नी के रूप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि बागे की पहली पत्नी और मीरा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पंचायत के बाद हुआ हमला
इसी विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन पंचायत के बाद हालात और बिगड़ गए। मीरा को जंगल में ले जाकर उसकी गर्दन काट दी गई और उसे वहीं फेंक दिया गया। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला परिषद सदस्य सेमराम पॉल ने पुष्टि की कि मीरा और बागे की शादी को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। पंचायत के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है।