Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट (Jharkhand Weather Alert) जारी किया है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची, धनबाद, बोकारो, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और रामगढ़ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Jharkhand Monsoon Update : झारखंड में मानसून सक्रिय, निम्न दबाव का क्षेत्र बना कारण
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में मानसून अब भी पूरी तरह सक्रिय है। उत्तर बिहार, उत्तर ओडिशा और झारखंड के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैले ट्रफ का प्रभाव इन इलाकों में बारिश का कारण बना हुआ है। इसका प्रभाव झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
इन जिलों में हुई सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा
राज्य के कई जिलों में अब तक सामान्य से अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है…
गढ़वा : सामान्य से 750% अधिक वर्षा
चतरा : 573% अधिक
गिरिडीह : 445% अधिक
जामताड़ा : 321% अधिक
साहिबगंज : 3% कम
सिमडेगा : अक्टूबर में 16% कम
Thunderstorm Warning Ranchi : 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। झारखंड के उत्तरी भाग को छोड़कर बाकी जिलों में मौसम अधिक प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह : सतर्क रहें, खेत या खुले स्थान से बचें
मौसम केंद्र ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर रहने की सलाह दी है। खासकर किसानों को खेतों की ओर न जाने की हिदायत दी है। गरज और वज्रपात की स्थिति में लोगों को पक्के मकान या सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के निर्देश दिए गए हैं। पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
Jharkhand Weather Alert : तापमान में बदलाव : डालटेनगंज में सबसे अधिक, लातेहार में सबसे कम
पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 28.6 मिमी बारिश देवघर के मोहनपुर में हुई। वहीं, डालटेनगंज में अधिकतम तापमान 32.8°C और लातेहार में न्यूनतम तापमान 19.2°C रिकॉर्ड किया गया।