रांची : झारखंड में मानसून के आगमन से पहले ही मौसम ने कहर बरपा दिया है। शुक्रवार, 30 मई 2025 को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान वज्रपात से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर जलजमाव और बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
IMD का येलो अलर्ट : वज्रपात और बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 31 मई को झारखंड के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
शुक्रवार को हुई बारिश और वज्रपात से नुकसान
राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई। रांची में 15 मिमी, पलामू के मेदिनीनगर में 7 मिमी और बोकारो में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, तेज हवाओं और वज्रपात से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
वज्रपात से 6 लोगों की मौत
वज्रपात से हुई मौतों की घटनाएं पलामू और हजारीबाग जिलों से सामने आई हैं। पलामू के सतबरवा में गट्टू भुईयां (40 वर्ष), लेस्लीगंज में शिवराज उरांव (55 वर्ष), और तरहसी में विंदु सिंह (28 वर्ष) की वज्रपात से मौत हो गई। हजारीबाग के बरकट्ठा में बाल गोविंद महतो (42 वर्ष), चतरा के सिमरिया में सोहरी देवी (45 वर्ष), और कटकमसांडी में राजू यादव (30 वर्ष) की भी वज्रपात से जान चली गई।
मौसम विभाग की चेतावनी : सुरक्षित रहने की अपील
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सचेत रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचने के लिए खुले स्थानों से दूर रहना चाहिए और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी चाहिए।
Read Also- Jharkhand Weather Update : आज भी झमाझम बारिश के आसार, गिरेगा तापमान, मौसम रहेगा सुहाना