रांची : झारखंड में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। राज्य के 7 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे सुबह-शाम लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
कांके में 5 डिग्री तक लुढ़का पारा
राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि शहर के अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
रांची में सामान्य से अधिक रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान करीब 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई, लेकिन रात और सुबह ठंड का असर बना रहा।
चाईबासा रहा सबसे गर्म
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम करीब 9 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम है।
गुमला बना सबसे ठंडा जिला
झारखंड का सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां ऑटोमेटेड मौसम स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बोकारो-थर्मल क्षेत्र में भी ठंड का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है।
इन जिलों में 7 से 13 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान
हजारीबाग, देवघर, बोकारो, गोड्डा, गिरिडीह और लातेहार समेत राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है।
रात में ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं हुई है। दृश्यता सामान्य बनी हुई है और कोहरे की स्थिति नहीं है। इससे साफ है कि शीतलहर अभी चुनिंदा इलाकों तक सीमित है, लेकिन आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
Read Also: झारखंड में अनाथ बच्चों को 18 साल तक दी जाए वित्तीय सहायता : मिथिलेश ठाकुर

