झारखंड में आज मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात और ट्रफ लाइन का असर राज्य में दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के कई जिलों में आंधी-तूफान, गरज और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर राज्य के दक्षिणी और उत्तरी भागों के लिए क्रमशः ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड के दक्षिणी जिलों — पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में आज 20 अप्रैल को गरज, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
उत्तरी और मध्य झारखंड में येलो अलर्ट
राज्य के उत्तरी हिस्सों और उससे सटे मध्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी आंधी, गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। यहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा है।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सबसे अधिक 0.5 मिमी बारिश रामगढ़ जिले में रिकॉर्ड की गई।
तापमान का हाल
- डाल्टेनगंज में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। यहां न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।
- रांची में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा।
- जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ 35.8 डिग्री पहुंचा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री रहा।
- धनबाद में न्यूनतम तापमान सबसे कम 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, विशेष रूप से खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और जलस्रोतों के पास जाने से बचें।