Jharkhand Monsoon : रांची : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय (Jharkhand Monsoon) हो गया है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, रांची, पलामू, गुमला, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और धनबाद सहित कई जिलों में आज से शुक्रवार तक भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे पूरे राज्य में बारिश की गतिविधि तेज हो गई है।
Temperature in Jharkhand : अधिकतम तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री कम था। वहीं, गोड्डा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
Jharkhand Rainfall Report : कहां कितनी हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार…
पलामू : 78.4 मिमी
गढ़वा : 59 मिमी
गुमला : 49.1 मिमी
पूर्वी सिंहभूम : 48.4 मिमी
पाकुड़ : 32 मिमी
धनबाद : 31.6 मिमी
पश्चिमी सिंहभूम : 27 मिमी
खूंटी : 26.8 मिमी
बोकारो : 26 मिमी
रांची : केवल 7.4 मिमी
हालांकि रांची में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में वहां भी अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
Low Pressure in Bay of Bengal : बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में ओडिशा होते हुए झारखंड को प्रभावित करेगा। यह सिस्टम मानसून को पुनः सक्रिय बना रहा है। इस दौरान मानसून ट्रफ लाइन राजस्थान के बीकानेर और जयपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और सीधी होते हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा और पुरी से होकर गुजर रही है, जिसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर हो रहा है।
Jharkhand Monsoon : पूरे राज्य में सक्रिय रहेगा मानसून
वर्तमान में मानसून ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र मिलकर राज्य भर में विस्तृत वर्षा का कारण बन रहे हैं। ओडिशा के उत्तरी भाग में निम्न दबाव की मौजूदगी के कारण झारखंड के अधिकांश जिलों में अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।