CHAIBASA(JHARKHAND): पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित गांधी शहीद पार्क और कराईकेला में झारखंड लोक चेतना मंच (जेएलकेएम) की ओर से भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो मौजूद रहे। जनसभा में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
सभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कोल्हान क्षेत्र को संघर्षों की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यह इलाका न केवल भारत की आज़ादी की लड़ाई का गवाह रहा है बल्कि जल, जंगल, जमीन और झारखंड अलग राज्य आंदोलन की भी जन्मभूमि है। उन्होंने अफसोस जताया कि इतने संघर्षों और बलिदानों के बावजूद कोल्हान क्षेत्र के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
राज्य सरकार ने नहीं दिया कुछ
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अब तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में इस इलाके को कुछ नहीं दिया। उन्होंने सरकार की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर अफीम की खेती पर पाबंदी लगाई जाती है और दूसरी ओर शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें भीख नहीं, अधिकार और सम्मान चाहिए। विधायक जयराम महतो ने कहा कि ‘मंईयां सम्मान योजना’ के नाम पर मिलने वाली 2500 रुपये की राशि से आदिवासी समाज की गरिमा का सम्मान नहीं होता, बल्कि हर परिवार को 25000 रुपये की आर्थिक सहायता और स्थायी रोजगार चाहिए, ताकि लोग स्वाभिमान के साथ जीवन यापन कर सकें।
मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब झारखंड में कोई सक्षम अस्पताल नहीं है, तो फिर किस विकास की बात की जा रही है? उन्होंने कहा कि जब खुद गुरु शिबू सोरेन का इलाज दिल्ली में हो रहा है तो आम लोगों के लिए झारखंड में चिकित्सा सुविधा का क्या मतलब रह जाता है। विधायक ने यह भी कहा कि राज्य सरकार बाहरियों को अधिक तवज्जो दे रही है। हाल ही में 64 डीसीपी का प्रमोशन किया गया है, जिनमें अधिकांश बाहरी राज्यों के हैं।
यह कोल्हान की जनता के संघर्षों और बलिदानों का अपमान है। उन्होंने राज्य में अफसरशाही पर भी सवाल उठाया और कहा कि बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी जैसे पदों पर बैठे लोग जनता का शोषण कर रहे हैं। कार्यक्रम से पूर्व जयराम महतो ने चक्रधरपुर में पत्रकारों से बातचीत की और कराईकेला में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा, शहीद मछुआ गागराई और वीर शहीद दुर्गा चरण महतो के स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जेएलकेएम की सदस्यता की ग्रहण
इस अवसर पर जेएलकेएम को विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों लोगों का समर्थन भी मिला। पूर्व मुखिया राजेंद्र मेलगांडी और डॉक्टर तुलसी महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जेएलकेएम की सदस्यता ग्रहण की। जयराम महतो ने सभी को माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन आकाश महतो और अनिता हाईबुरू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में करण महतो, राजेंद्र मेलगांडी, डॉक्टर तुलसी महतो, अजय महतो, अखिलेश महतो, नरेंद्र महतो, विनोद स्वांसी, तरुण महतो, कान्हूराम हाईबुरू, बेबी महतो, प्रताप महतो, दिलवर खाका, परमेश्वर महतो, वीणा महतो और सोनामुनी महतो समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभा में भारी संख्या में महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
READ ALSO: Chaibasa News : चाईबासा में 3 लाख से अधिक लाभुकों के बीच 206 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण