दुमका : Jharkhand Politics: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जब ऐसा लग रहा है कि वह जेल जाने के करीब हैं तो अपनी पत्नी Kalpana Soren को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। इसकी तैयारी के तहत ही गांडेय के झामुमो विधायक सरफराज अहमद का इस्तीफा कराया गया है।
यह कहना था भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का। दुमका परिसदन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबूलाल ने कहा कि राज्य में एक बार फिर से संवैधानिक संकट उत्पन्न होने की स्थिति बन रही है। हेमंत सोरेन को यह अच्छे से पता है कि उनकी पत्नी Kalpana Soren अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट से चुनाव नहीं लड़ सकतीं। इसलिए उन्होंने झामुमो विधायक से इस्तीफा करवाया।
Kalpana Soren : एक साल से कम बचा समय, नहीं हो सकता उपचुनाव
पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल ने महाराष्ट्र हाइकोर्ट के एक निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचा है। इस हिसाब से चुनाव होने में भी एक साल से कम समय है। कोर्ट के उस आदेश के मुताबिक एक साल से कम समय रहने पर विधानसभा उपचुनाव कराया जाना असंवैधानिक है।
मरांडी ने यह भी कहा कि झारखंड में पिछली बार विधानसभा चुनाव का परिणाम जिस दिन आया है उस दिन से ही चुनाव आयोग ने विधानसभा का गठन कर दिया था। ऐसी परिस्थिति में झारखंड में भी उपचुनाव कराया जाना असंवैधानिक होगा क्योंकि अब यहां भी एक साल से कम बचा है।
Kalpana Soren : भाजपा नहीं चाहती कि झारखंड का मजाक उड़े
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगर ऐसा कोई निर्णय लेते हैं तो यह उनकी दूसरी बड़ी गलती होगी। अगर मुख्यमंत्री का ऐसा कोई भी प्रस्ताव आता है तो भाजपा राज्यपाल से मिलकर अटार्नी जनरल से सलाह लेकर विधि-सम्मत कदम उठाने की मांग करेगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ऐसे कदम से एक बार फिर झारखंड का मजाक बन सकता है और भाजपा राज्य का मजाक बनने नहीं देना चाहती है। इस सवाल पर कि भाजपा राज्य में राष्ट्रपति शासन की मांग करेगी, जवाब नहीं में देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा है कि सिर्फ कानून के आधार पर ही राज्य की व्यवस्थाएं चले।
जेल से चल रही हेमंत सोरेन की सरकार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि होटवार जेल में कई ऐसे लोग बंद है जो सत्ता के काफी करीब हैं। इनके ही इशारे पर ही झारखंड में अधिकारियों के तबादले का उद्योग चल रहा है। इनके ही जरिए ठेके मैनेज कराए जाते हैं। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सरकार की विशेष मेहरबानी भी रहती है। बाबूलाल ने नाम लेते हुए कहा कि जेल में बंद योगेंद्र तिवारी से भी हेमंत सोरेन का गहरा रिश्ता बताया है। यह भी कहा कि सरकार के ही इशारे पर धमकी दी जा रही है। मौके भाजपा नेता सुरेश मुर्मू समेत कई मौजूद थे।
READ ALSO : विधानसभा चुनावों में झटके के बाद, कांग्रेस 2024 में ‘आर या पार’ के लिए है तैयार