- कहा- हम अब भी आदिवासी अस्मिता की लड़ रहे लड़ाई
- बन्ना गुप्ता को जिताने का लिया जनता से वादा
जमशेदपुर : झामुमो नेत्री कल्पना सोरेन ने रविवार को मानगो के उलीडीह में जनसभा को संबोधित किया, जिसमें वह भाजपा पर खूब गरजीं। उन्होंने कहा कि झारखंड बनने के बाद भी हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई है. अभी भी हम आदिवासी अस्मिता की लड़ाई लड़ रहे हैं। जब हेमंत सोरेन मंईयां योजना लागू करते हैं तो उनसे डरी हुई केंद्र सरकार उन्हें जेल भेजने का काम करती है। कल्पना सोरेन ने कहा कि विपक्ष हमें बांटने का काम कर रहा है, जबकि इंडिया गठबंधन जोड़ने का काम कर रहा है। झारखंड का हर गांव एक शहीद की कहानी कहता है। केंद्र सरकार झारखंड का पैसा रोक कर बैठा है। गठबंधन की सरकार ने 55 लाख महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान योजना का लाभ पहुंचाया है। हेमंत सोरेन झारखंड की माताओं-बहनों के लिए चिंता करते हैं। झारखंड में सबसे ज्यादा राज भाजपा ने किया. किंतु आज वे सिर्फ घर तोड़ने का काम कर रहे हैं। वहीं, झामुमो, कांग्रेस व राजद की सरकार आधी आबादी के लिए काम कर रही है।
मैं आह्वान करने आई हूं कि बन्ना भइया को जिताइए। हमें दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों का राज्य बनाना है। हेमंत सरकार को दोबारा लाना है। यह चुनाव हक-अधिकार पाने के लिए लड़ा जा रहा है। इसमें एक ओर जात-पात और धर्म के नाम पर तोड़ने वाले लोग हैं, तो दूसरी ओर आपके अपने हेमंत और बन्ना जैसे लोग हैं, जो मानगो फ्लाईओवर जैसी बड़ी-बड़ी योजनाओं को लाने के लिए रात दिन एक किए हुए हैं। इस चुनाव में ऐसे षड़यंत्रकारी लोगों को सबक सिखाना है।
पप्पू यादव ने भी मांगा बन्ना के समर्थन में वोट
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार ने पांच वर्षों में बेहतरीन काम किया है. जब हेमंत सोरेन की सरकार गरीब और दबे-कुचले लोगों का काम करने लगी, केंद्र से अपना हक मांगने लगे तो साजिश रचकर हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया। ऐसे में नारी शक्ति स्वरूपा कल्पना सोरेन ने भाजपा का मुकाबला किया। दूसरी तरफ नीतीश कुमार ने भाजपा से सौदेबाजी कर झारखंड में दो सीटें ले ली हैं। हमें भगोड़ों को भगाना है और काम करने वालों को जिताना है।
Read Also- भाजपा का संकल्प पत्र जारी, UCC से आदिवासी को रखा जाएगा बाहर, पांच लाख युवाओं को रोजगार का वादा