सेंट्रल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी के नेता नीतेश राणे ने केरल के संबंध में बयान दिया है, जो केरल के मुख्यमंत्री को नागवार गुजरी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राणे ने इस मामले में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बीजेपी नेता नितेश राणे के बयान को भड़काऊ और निंदनीय करार दिया है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने पुणे में एक संबोधन के दौरान केरल को ‘मिनी पाकिस्तान’ कहा था। साथ ही उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ‘आतंकवादी’ वोटों के कारण सांसद बने हैं।
केरल एक छोटा पाकिस्तान
नितेश राणे ने पुणे के पुरंदर की एक रैली को संबोधित करते हुए मराठी में कहा था, कि “केरल एक छोटा पाकिस्तान है। इसलिए राहुल गांधी और उनकी बहन वहां से चुनाव जीत जाते हैं। सभी आतंकवादी उन्हें वोट देते हैं। सभी आतंकवादियों को जोड़कर ही ये लोग सांसद बने हैं।”
संघ का दृष्टिकोण झलकता है
इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए पिनाराई विजयन ने कहा, कि महाराष्ट्र के मंत्री के शब्दों से केरल के प्रति संघ परिवार का दृष्टिकोण झलकता है। संघ परिवार का मानना है कि इस तरह के नफरत भरे अभियान चलाकर वो उन जगहों को अलग-थलग कर सकता है, जहां उसे नियंत्रण पाना मुश्किल लगता है। मंत्री अपने पद पर बने रहने के योग्य नहीं हैं।”
केरल के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ये आश्चर्य की बात है कि देश पर शासन करने वाली पार्टी के नेतृत्व ने मंत्री के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। आगे उन्होंने कहा कि राणे ने देश के ‘संविधान का अपमान करके पद की शपथ का उल्लंघन’ किया है।
नीतेश राणे को पद छोड़ देना चाहिएः के सी वेणुगोपाल
इस मामले में कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राणे ने केरल की धर्मनिरपेक्ष मानसिकता को चोट पहुंचाई है। कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, कि लोग जानना चाहते हैं कि क्या प्रधानमंत्री और केरल के मुख्यमंत्री का भी यही विचार है। ये CPI(M) का रुख है जिसने बीजेपी को सांप्रदायिक जहर उगलने के लिए प्रेरित किया। मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए और उन्हें अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए। कांग्रेस राजनीतिक और कानूनी रूप से उस बयान के खिलाफ लड़ेगी जिसमें वायनाड के लोगों को आतंकवादी के रूप में दर्शाया गया है।
केरल में बढ़ रहा लव जिहाद
विपक्ष की ओर से आई प्रतिक्रिया के बाद इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए, राणे ने कहा कि केरल हमारे देश का अभिन्न अंग है। हिंदुओं की घटती आबादी एक ऐसी चीज है जिसकी चिंता सभी को करनी चाहिए। हिंदुओं का ईसाई और मुस्लिम बनना वहां रोज की बात हो गई है। ‘लव जिहाद’ के मामले भी वहां बढ़ रहे हैं। मैं स्थिति की तुलना पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ किए जाने वाले व्यवहार से कर रहा था। अगर केरल में भी ऐसी ही स्थिति पैदा होती है तो हमें इस पर विचार करना होगा। मैं सिर्फ तथ्य बता रहा था ताकि सभी को स्थिति का पता चले। मैंने जो कुछ भी कहा है, वह तथ्यों पर आधारित है। कांग्रेस को मुझे गलत साबित करने दीजिए।
हांला कि राणे ने राहुल और प्रियंका पर दिए अपने बयान पर कहा कि कोई भी जांच कर सकता है कि वहां से समर्थन देने वाले लोग और संगठन कौन हैं। बता दें कि प्रियंका गांधी ने हाल ही में हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी।