Koderma (Jharkhand) : झारखंड के कोडरमा थाना अंतर्गत लोकाई में रविवार को एक पेड़ पर लटकता हुआ शव बरामद हुआ। शव बंद पड़े स्थानीय ब्लू स्टोन माइंस के समीपस्थ पेड़ पर लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान लोकाई निवासी सोनू कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक वह शनिवार दोपहर से लापता था। मृतक के पिता ने इसे हत्या बताया है। इसके बाद से स्थानीय पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है, ताकि स्पष्ट हो सके कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक के पिता गोविंद साव के अनुसार सोनू शनिवार की दोपहर घर से निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की। उसे फोन भी किया गया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा। उसके बाद परिजनों ने सुबह होने का इंतजार किया। रविवार की सुबह आसपास के ग्रामीण जब जंगल की ओर अपने मवेशियों को चराने जा रहे थे, तो उन्हें जंगल स्थित एक पेड़ से लटका शव दिखाई पड़ा। मृतक के पिता ने कहा कि उनके बेटे की हत्या हुई है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस इस घटना में संलिप्त लोगों को जल्द से जल्द पकड़े। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।