घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत घाटशिला एवं मुसाबनी से उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में चल रहे कुंभ में डुबकी लगाने गए मुसाबनी निवासी शिवराज गुप्ता (58) की मंगलवार को कुंभ में मची भगदड़ के दौरान मौत हो गई, वहीं घाटशिला की दो महिला सुनैना देवी (50) व सरिता देवी (45) लापता हैं। दोनों महिला के लापता होने के बाद से उनके साथ गए परिजन खोज-खोज कर परेशान हैं। मेला में माइक से दोनों महिला का नाम भी पुकारा जा रहा है। इसके बावजूद महिला नहीं मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, मुसाबनी स्थित सुंदरनगर के रहने वाले शिवराज गुप्ता की मेला में मंगलवार रात लगभग 1.30 बजे भगदड़ के दौरान दबने के बाद सांस रुकने से मौत हो गई। शिवराज गुप्ता को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत थे। घर पर उनकी पत्नी पूनम राज का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका बेटा शिवम राज बेंगलुरु में कार्य करता है, जबकि बेटी स्वर्णराज दिल्ली में कार्यरत है।
पत्नी ने बताया कि मुझे सुबह टीवी में समाचार देखकर कुंभ मेला में भगदड़ होने की जानकारी मिली। इसके बाद मैंने अपने पति को काफी फोन लगाया। उनके साथ गए लोगों को भी फोन लगाया, परंतु किसी से भी संपर्क नहीं हो पाया। मैं घबराकर मेरे पति के साथ गए मुसाबनी में ही शास्त्री नगर के रहने वाले राज सिन्हा की पत्नी सीमा सिन्हा को फोन किया, तब उन्होंने बताया कि ऐसी घटना हुई है। मेरी पति से आखिरी बार मंगलवार की रात लगभग 11 बात हुई थी। तब उन्होंने बताया था कि यहां भीड़ काफी है। ट्रैफिक जाम होने के कारण हम लोगों ने अपनी गाड़ी छोड़ दी है। 21 किलोमीटर पैदल चलकर गंगा के तट तक पहुंचना है। अब मात्र 1 किलोमीटर बचा है। हम जल्द ही वहां पहुंच जाएंगे और प्रातः स्नान करेंगे. इस घटना के बारे में पूनम सिन्हा से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि देर रात वहां अचानक भगदड़ हो गई, जिसमें सभी का एक दूसरे से हाथ छूट गया और शिवराज गुप्ता जमीन पर गिर गए, दबने और सांस रुकने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी ने कहा कि मंगलवार की रात 11 बजे बात करने के बाद उनसे संपर्क समाप्त हो गया। उनके साथ कुंभ स्नान के लिए गए अन्य लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि मेरे पति और अन्य 14 लोग 15 सीटर गाड़ी से 25 जनवरी की सुबह मुसाबनी से रवाना हुए थे। अयोध्या होते हुए मंगलवार को प्रयागराज कुंभ क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां उन्हें स्नान करना था। मृतक शिवराज गुप्ता अपने पीछे पत्नी एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी ने बताया कि बेटा व बेटी बेंगलुरु व दिल्ली से मुसाबनी आ रहे हैं। पति के साथ गए अन्य लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
घाटशिला की दो महिलाएं लापता
दूसरी ओर घाटशिला मुख्य शहर के भुजा व्यवसायी तारेकेश्वर साव अपनी पत्नी सुनैना देवी एवं उनके भाई राजेंद्र साव व उनकी पत्नी सरिता देवी 26 जनवरी को एक स्कार्पियों पर अन्य स्थानों के कुल 12 लोग के साथ कुंभ गए थे। इस दौरान वे लोग बनारस में रुकने के बाद मंगलवार को कुंभ पहुंचे। जब ये लोग कुंभ में पहुंचे, उसी दौरान भगदड़ मच गई। दोनों महिला का साथ इन लोगों से छूट गया। भगदड़ के शांत होने के बाद बाकी बचे 10 लोगों ने महिला को खोजना शुरु किया, लेकिन कहीं पता नही चला। इसके बाद प्रशासन का सहयोग लेकर इन लोगों ने एनाउंस भी कराया, जिसके बाद भी महिला नहीं मिली। इस घटना में घायल हुए लोग जिस-जिस अस्पताल में भर्ती हैं, वहां भी जाकर देखा गया, लेकिन महिला अभी तक नही मिली।